शहीद की पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल, एआई तकनीक का लिया सहारा…..
गोपालगंज | जम्मू कश्मीर के पहलगाम में बीती 22 अप्रैल को आतंकवादी हमला हुआ था. इसमें लेफ्टिनेंट विनय नरवाल शहीद हो गए थे. उनकी पत्नी पर गमों का पहाड़ टूटा हुआ है. ऐसे में भी कुछ लोग घटिया हरकत से बाज नहीं आ रहे है.
पुलिस ने एआई (आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस) के माध्यम से शहीद की पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई को बिहार और हरियाणा पुलिस ने अंजाम दिया.
गिरफ्तार युवकों पर आरोप है कि इन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दुरुपयोग करते हुए शहीद अधिकारी की पत्नी का अश्लील वीडियो तैयार किया और फिर उसे ‘एसएस रियल प्वाइंट’ नामक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया.

बताया गया कि हरियाणा के गुरुग्राम स्थित साइबर थाने में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तकनीकी जांच में वीडियो का स्रोत और लोकेशन ट्रेस करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की गई.
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यूट्यूब चैनल को ट्रैक किया गया और फिर हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस भी बरामद कर लिए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह भी पता चला है कि उन्होंने कई और लोगों को टारगेट कर इस तरह के वीडियो बनाए हैं. पुलिस इन साइबर आरोपियों के आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर हरियाणा पुलिस अपने साथ गुरुग्राम ले गई. बताया जाता है कि अब आगे की पूरी कानूनी कार्रवाई हरियाणा में होगी.
IANS/Hindi Post Web Desk
