दिल्ली की सीएम को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, पहले उसने अपनी पत्नी से बात कराने की मांग की फिर….
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फाइल फोटो | आईएएनएस)
नई दिल्ली | दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है. गुरुवार देर रात धमकी भरा कॉल आने के बाद दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला स्पेशल स्टाफ की एक टीम ने त्वरित जांच के बाद आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गाजियाबाद पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को धमकी भरा कॉल उस समय किया गया जब आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में था.
धमकी मिलने के तुरंत बाद, दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित कर दिया गया. मामला क्योंकि हाई-प्रोफाइल था इसलिए गंभीरता से काम किया गया.
जांचकर्ताओं ने फोन करने वाले की पहचान कर ली थी और उसके लोकेशन का भी पता लगा लिया था लेकिन जब तक अधिकारी सोर्स तक पहुंचे, संदिग्ध ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था.
गहन तलाश के बाद स्पेशल स्टाफ ने उसे गाजियाबाद स्थित एक ठिकाने से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की.
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी श्लोक त्रिपाठी एक लॉ ग्रेजुएट (एलएलबी) है जो अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं है. उसकी पत्नी ने हाल ही में उसे छोड़ दिया है. इसके चलते वह भावनात्मक रूप से परेशान है.
पुलिस ने बताया कि जान से मारने की धमकी देने से पहले उसने एक और कॉल की थी जिसमें उसने अपनी पत्नी से बात करने की मांग की थी.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी के पास से फर्जी प्रमाण पत्र पाए गए हैं जो पुलिस के प्रमाण-पत्र जैसे लग रहे हैं. इससे यह संदेह सामने आया कि उसने खुद को कानून प्रवर्तन कर्मी बताकर लोगों को धोखा देने की कोशिश की होगी.
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने बार-बार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “गृह मंत्रालय के निर्देश पर सुरक्षा एजेंसियां वीआईपी या वीवीआईपी पर खतरे का आंकलन करती हैं.”
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मानक प्रोटोकॉल के तहत जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है.
पुलिस फिलहाल इस बात को पता लगा रही है कि क्या आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास है या क्या उसका अन्य विध्वंसकारी गतिविधियों से कोई संबंध है. इसके साथ ही आरोपी के पास से मिले जाली पुलिस पहचान-पत्र के इस्तेमाल के बारे भी अलग से जांच की जा रही है.
IANS
