ईरान में अगवा हुए लड़कों को लेकर बड़ी खबर, परिजनों ने कहा- “हमारे बच्चे….”

BOY KIDNEPPED IN IRAN

अमृतपाल सिंह की मां और भाई मीडिया से बात करते हुए (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

होशियारपुर | ईरान में अगवा किए गए युवक अमृतपाल सिंह के सकुशल रिहा कराए जाने पर पंजाब के होशियारपुर में उसके परिजनों ने खुशी जाहिर की है. परिजनों ने कहा कि हमें इस बात की खुशी है कि हमारा बच्चा अब वापस लौट रहा है. हम इसके लिए केंद्र सरकार और ईरान सरकार का दिल से धन्यवाद करते हैं.

अमृतपाल सिंह की मां ने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि अब हमारे बच्चे सुरक्षित स्वदेश लौट रहे हैं. निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि इस दिशा में केंद्र सरकार और ईरान सरकार ने ही सकारात्मक कदम उठाए हैं. इसका ही नतीजा है कि आज हमारे बच्चे लौट रहे हैं.”

उनसे जब पूछा गया कि क्या आपकी अपने बच्चे से फोन पर बात हुई तो उन्होंने इनकार किया. हालांकि उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि उनका बेटा अब वापस लौट रहा है. मेरा बेटा थोड़ा सा संवेदनशील प्रवृत्ति का है. वह छोटी-छोटी बातों को लेकर घबरा जाता है. इस तरह की प्रवृत्ति आमतौर पर संवेदनशील लोगों में देखी जाती है. खैर मैं केंद्र सरकार और ईरान सरकार का धन्यवाद करना चाहूंगी कि उन्होंने मेरे बच्चे को वापस स्वदेश भेजने का फैसला किया.

उन्होंने कहा कि ईरान सरकार की तरफ से हमारे पास इस संबंध में फोन आया था. साथ ही एसएचओ का भी मेरे पास सुबह आठ बजे फोन आया जिसमें कहा गया कि मेरा बेटा वापस आ रहा है.

अमृतपाल सिंह के भाई जधवीर सिंह ने भी ईरान सरकार के इस फैसले पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि मेरा भाई वापस आ रहा है.

उन्होंने कहा कि उनके पास करीब चार-पांच फोन आए जिसमें भाई से बात कराई गई. उन्होंने कहा, “मेरे भाई ने मुझसे कहा कि आप घबराइए मत. मैं वापस लौट रहा हूं. हमें यहां की सरकार ने छोड़ने का फैसला किया है. हमें उम्मीद है कि आज फिर हमारे पास फोन आएगा. जैसे ही इस बारे में कोई जानकारी आएगी तो निश्चित तौर पर हम मीडिया से इसे साझा करेंगे.

उन्होंने कहा कि अभी तक सरकार की तरफ से इस मामले में किसी भी प्रकार का संबंध स्थापित नहीं किया गया है. मेरी सरकार से मांग है कि वह हमारे बच्चों से हमारा संपर्क स्थापित कराएं और हमारी उनसे बात करवाएं ताकि हमारे दिल को एक बार तसल्ली मिल जाए और मुझे यह विश्वास हो जाए कि हमारे बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित हैं.

बता दें कि ईरान में पिछले तीन महीने से लापता तीन भारतीय नागरिकों को छुड़ा लिया गया है. इन सभी युवकों की पहचान संगरूर निवासी हुशनप्रीत सिंह, एसबीएस नगर के जसपाल सिंह और होशियारपुर के अमृतपाल सिंह के रूप में हुई थी. उन्हें ऑस्ट्रेलिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तेहरान भेजने के बाद अगवा कर लिया गया था.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!