एयरपोर्ट पर विदेशी नागरिक गिरफ्तार, पेट में छुपा रखी थी करोड़ों की कोकीन, अफसर भी रह गए सन्‍न

Cocaine (1)

फोटो क्रेडिट: आईएएनएस

The Hindi Post

मुंबई | मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई मुंबई ने मादक पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 6.74 करोड़ रुपए की कोकीन बरामद की.

दरअसल, अधिकारियों को सूचना मिली थी कि घाना का एक नागरिक देश में कोकीन की तस्करी की योजना बना रहा है. जानकारी के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने लाइबेरिया से मुंबई पहुंचे एक पुरुष यात्री को एयरपोर्ट पर रोका. प्रारंभिक पूछताछ के दौरान यात्री ने यह स्वीकार किया कि उसने देश में तस्करी के उद्देश्य से मादक पदार्थों से युक्त कैप्सूल निगले हैं.

इसके बाद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे एक नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकीय निगरानी में उससे कुल 50 कैप्सूल बरामद किए गए.

इन कैप्सूल में कुल 674 ग्राम कोकीन पाई गई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत 6.74 करोड़ रुपए है. यह कोकीन एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर ली गई है. डीआरआई अधिकारियों ने यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 5 ने जोगेश्वरी इलाके में दो ड्रग्स सप्लायरों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत लगभग चार करोड़ रुपए आंकी गई थी.

क्राइम ब्रांच की टीम को जोगेश्वरी बस डिपो के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों पर शक हुआ. तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स मिला. दोनों आरोपियों के खिलाफ अंबोली पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया. मुंबई क्राइम ब्रांच अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह ड्रग्स कहां से लाया गया था और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी. पुलिस को शक है कि यह एक बड़े ड्रग्स रैकेट का हिस्सा हो सकता है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!