भाजपा नेता ने कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘आतंकियों की बहन’ बता डाला, कांग्रेस ने कहा- दर्ज होना चाहिए मुकदमा

VIJAY SHAH
The Hindi Post

मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने अजीबोगरीब बयान दिया है. उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सेना के पराक्रम की तस्वीर देश और दुनिया के सामने पेश करने वाली अधिकारी – कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दिया है. विजय शाह ने सोफिया कुरैशी को ‘पाकिस्तानियों और आतंकवादियों की बहन’ बता डाला. हालांकि, अब उनकी सफाई भी सामने आ गई है.

 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महू के मानपुर की पंचायत में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय शाह पाकिस्तान पर खूब बरसे. पड़ोसी मुल्क पर जुबानी हमले करके वह खूब तालियां बटोर रहे थे. उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से चर्चा में आई कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘पाकिस्तानियों और आतंकवादियों की बहन’ बता डाला.

मंत्री ने सोफिया कुरैशी का नाम लिए बिना कहा, “जिन्होंने (पाकिस्तानी आतंकियों) हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े थे उन कटे-पिटे लोगों को हमने उनकी बहन भेजकर ही उनकी ऐसी तैसी कराई. उन्होंने कपड़े उतार-उतारकर हमारे हिंदुओं को मारा और मोदी जी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी-तैसी करने उनके घर भेजा. मोदी जी उनके कपड़े तो उतार नहीं सकते थे, इसलिए उनकी समाज की बहन को भेजा कि तुमने हमारी बहनों को बिधवा किया है, तो तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी.’

भाजपा नेता विजय शाह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के प्रवक्ता शैलेंद्र पटेल ने विजय शाह के बयान पर आपत्ति जताई है. उन्होंने विजय शाह के खिलाफ एफआईआऱ दर्ज कराने की मांग है.

वहीं मंत्री कुंवर विजय शाह के बयान पर कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने कहा, “मेरा मानना ​​है कि मैंने अपने जीवन में जितने भी अनुचित बयान सुने हैं, उनमें से यह अब तक का सबसे खराब बयान है. देश के एक सैनिक के बारे में ऐसी अपमानजनक टिप्पणी करने वाले मंत्री को तुरंत पद से हटा देना चाहिए. यह टिप्पणी अशोभनीय है, मानवीय गरिमा के खिलाफ है. उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए.”


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!