कैदी को लेकर जा रहा पुलिस वाहन कैंटर से टकराया, दारोगा-सिपाही समेत चार की मौत

Aligarh accident May 08 (1) (1)
The Hindi Post

अलीगढ़ | उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक आरोपी को ले जा रही पुलिस की गाड़ी कैंटर से टकरा गई. इस हादसे में एक सब इंस्पेक्टर और अभियुक्त सहित कुल 4 लोगों की मौत हो गई है.

मामला अलीगढ़ के लोधा थाना इलाके का है. बताया जा रहा है कि लोधा इलाके में पुलिस की गाड़ी एक आरोपी को ले जा रही थी तभी पुलिस की गाड़ी की कैंटर से टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी में सवार एक सब-इंस्पेक्टर और आरोपी समेत चार लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा दो अन्य घायल हुए हैं.

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. साथ ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को रास्ते से हटाया गया.

डीएसपी संजीव कुमार तोमर ने बताया, “पुलिस की गाड़ी चिकावती मोड़ से बुलंदशहर जनपद की ओर जा रही थी. इसमें गुलशन नाम का एक अभियुक्त था. इसी दौरान गाड़ी की कैंटर से टक्कर हो गई. इस हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर और आरोपी समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है. कुल मिलाकर तीन पुलिसकर्मी और एक आरोपी की मौत हुई है. गाड़ी में छह लोग सवार थे – पांच पुलिसकर्मी और एक आरोपी. ऐसा प्रतीत हो रहा है कि नींद लगने के कारण यह हादसा हुआ होगा.”

इससे पहले, 6 मई को बिजनौर के नूरपुर थाने के गुहावर चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए थे.

इससे पहले, 3 मई को मथुरा में एक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!