फेस्टिवल के दौरान लोगों को कुचलते हुए निकल गई एसयूवी, कई लोगों की मौत

CANADA

कनाडा के वैंकूवर में लैपू लैपू फिलिपिनो फेस्टिवल के दौरान हादसा (फोटो क्रेडििट- IANS)

The Hindi Post

वैंकूवर | कनाडा के वैंकूवर शहर में आयोजित लैपू लैपू फिलिपिनो फेस्टिवल के दौरान भीषण हादसा हो गया. फेस्टिवल के दौरान एक तेज रफ्तार एसयूवी ने भीड़ को टक्कर मार दी. इसमें कई लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए. वैंकूवर पुलिस विभाग (वीपीडी) के अनुसार, भारतीय समयानुसार यह घटना रविवार को हुई.

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह घटना (कनाडा समयानुसार) शनिवार रात 8 बजे के बाद कूवर के ईस्ट 41वीं एवेन्यू और फ्रेजर स्ट्रीट के पास हुई. पुलिस ने एसयूवी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. यहां लैपू लैपू ‘डे ब्लॉक पार्टी’ मनाई जा रही थी, जो फिलीपींस के प्रथम राष्ट्रीय नायक के सम्मान में आयोजित होने वाला एक वार्षिक कार्यक्रम है.

वैंकूवर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “आज (शनिवार) रात 8 बजे के बाद ई. 41वें एवेन्यू और फ्रेजर के पास एक स्ट्रीट फेस्टिवल में ड्राइवर ने भीड़ में एसयूवी घुसा दी. इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है.”

घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जो बेहद भयावह हैें. वीडियो में तमाम लोग जमीन पर पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से कुछ मृत और गंभीर रूप से घायल हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कार ने उन्हें तब टक्कर मारी तब वे सड़क पर पैदल चल रहे थे.

न्यू डेमोक्रेटिक सांसद डॉन डेविस ने एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, “लैपू लैपू फेस्टिवल में हुए भयानक हमले की दुखद खबर अभी-अभी सुनी. मृतकों के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना करता हूं.”

वैंकूवर के मेयर केन सिम ने भी इस घटना पर कहा, “मैं फेस्टिवल में हुई भयावह घटना से स्तब्ध और बहुत दुखी हूं. इस अत्यंत कठिन समय में हमारी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों और वैंकूवर के फिलिपिनो समुदाय के साथ हैं.”

जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाएं मौजूद हैं और घटना की जांच की जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह अभी भी साफ नहीं है कि दुर्घटना अचानक हुई थी या जानबूझकर की गई थी.

ई. 43वें एवेन्यू और फ्रेजर स्ट्रीट के क्षेत्र में आयोजित लैपू लैपू फेस्टिवल का उद्देश्य फिलीपीन विरासत का उत्सव मनाना था लेकिन यह दुखद घटना में बदल गया.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!