यूपी बोर्ड की बोर्ड परिक्षाओं में इन बच्चों ने किया टॉप
यूपी बोर्ड के टॉपर्स (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
प्रयागराज | उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शुक्रवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट घोषित कर दिए है. 10वीं में यश प्रताप सिंह ने 97.83 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है जबकि 12वीं में महक जायसवाल ने 97.20 फीसदी अंकों के साथ टॉपर्स में अपनी जगह बनाई है.
माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक महेंद्र देव से मिली जानकारी के मुताबिक, कक्षा 10वीं में 97.67 प्रतिशत अंकों से साथ अंशी और 97.67 प्रतिशत अंको साथ अभिषेक कुमार यादव संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. अंशी शिवाजी एसएनआईसी कटरा की छात्रा हैं, जबकि अभिषेक कुमार यादव सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रामसनेहीघाट बाराबंकी के छात्र हैं.
तीसरे नंबर पर तीन परीक्षार्थियों ने अपनी जगह बनाई. उनमें रितु गर्ग, अर्पित वर्मा और सिमरन गुप्ता तीनों को 97.50 प्रतिशत अंक मिले हैं. रितु गर्ग डॉक्टर डीपीएस वीएमआईसी बिलारी मुरादाबाद की छात्रा हैं. अर्पित वर्मा बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज शेखपुर सीतापुर और सिमरन गुप्ता स्व. आरकेडीआईसी उमरी जालौन की छात्रा हैं.
हाईस्कूल में 97.83 अंक लाकर यूपी टॉप करने वाले यश ने बताया, “उहोंने अपने पिता और भाई की देखरेख में अपनी पढ़ाई की है. वह उमरी के श्रीमती रसकेंद्रीय इंटर कॉलेज के स्टूडेंट हैं. उनके पिता इसी स्कूल में प्रिंसिपल हैं.” यश कहते हैं कि स्कूल में पढ़ाई के साथ घर में हर रोज सात घंटे पढ़ाई करते हैं. वह सिविल सर्विसेज की तैयारी करके देश सेवा करने की इच्छा रखते हैं. उनके बड़े भाई अनुज प्रताप बीएलएड कर रहे हैं.“
अयोध्या के अभिषेक कुमार ने हाई स्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त किया है. वह रामसनेहीघाट के सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय के छात्र हैं. उनके पिता शिक्षक हैं और माता गृहिणी हैं. अभिषेक नियमित छह से सात घंटे की पढ़ाई करते थे. वह आगे बहुत पढ़ना चाहते हैं.
इंटर में टॉप करने वाली महक जायसवाल ने 97.20 फीसदी अंक हासिल किए हैं. वह बच्चा राम यादव इंटर कॉलेज भुलई प्रयागराज की छात्रा हैं. दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से चार परीक्षार्थियों ने 96.80 फीसदी अंक हासिल किए हैं. इनके नाम साक्षी, आदर्श यादव, शिवानी सिंह और अनुष्का सिंह हैं. साक्षी श्री नारायण स्मारक इंटर कॉलेज गजरौला अमरोहा की छात्रा हैं. आदर्श यादव सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सुल्तानपुर के छात्र हैं. शिवानी सिंह एसपी इंटर कॉलेज शिकारो कोरांव प्रयागराज की छात्रा हैं. अनुष्का सिंह धर्मा देवी इंटर कॉलेज कौशांबी की छात्रा हैं. 96.40 फीसदी अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही मोहिनी सीएचएस सिंह इंटर कॉलेज इटावा की छात्रा हैं.
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की तरफ से बोर्ड परीक्षा के लिए 8,140 केंद्र बनाए गए हैं. इस साल 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए कुल 54,37,233 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया हैं, जिसमें हाईस्कूल के परीक्षार्थियों की संख्या 27,32,216 तथा इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की संख्या 27,05,017 है. हाईस्कूल में 14,49,736 छात्र और 12,82,458 छात्राएं रजिस्टर्ड हैं. इंटरमीडिएट में 14,58,983 छात्र और 12,46,024 छात्राएं रजिस्टर्ड हैं.
IANS
