वैन और कार में टक्कर, हादसे में जिंदा जलने से चालक की मौत
फोटो: आईएएनएस
भीलवाड़ा | राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में एक शख्स की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई है. हादसा कोटा-चित्तौड़ नेशनल हाईवे-27 पर स्थित चित्तोडिया गांव के पास हुआ जहां फुलजी की खेड़ी कट के पास एक कार और वैन आपस में बुरी तरह टकरा गईं.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन सड़क से नीचे सीधे खाई में जा गिरी. 15 फीट गहरी खाई में गिरने के बाद वैन में आग लग गई. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग बुझ सकी. मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. इस दौरान वैन के अंदर फंसा चालक बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना से कुछ देर तक सड़क पर जाम की स्थिति बन गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर यातायात बहाल कराया.
हादसे की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. वैन चालक के शव को वाहन से बाहर निकाल कर मांडलगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिशों में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक कार में सवार परिवार गुजरात के राजकोट का रहने वाला था. कार हरि भाई चला रहा था. हादसे में वह घायल हो गए और उनकी पत्नी पूनम, दो बेटियां और बेटे को मामूली चोट आई. सभी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. हरि भाई को प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया है. हरि भाई परिवार संग राजकोट (गुजरात) से झालावाड़ जा रहे थे.
IANS
