हीरा फैक्ट्री में 118 कारीगरों की हत्या की कोशिश का मामला, पुलिस ने…..

surat (1)

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी निकुंज देवमुरारी (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

सूरत | सूरत की एक हीरा फैक्ट्री के 118 कारीगरों की हत्या की कोशिश के मामले का खुलासा हो गया है. फैक्ट्री के एडमिन विभाग के असिस्टेंट मैनेजर को पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान निकुंज देवमुरारी के रूप में हुई है.

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह कर्ज में डूबा था और आत्महत्या के इरादे से सल्फास लाया था. हिम्मत न होने पर उसने सल्फास फेंकने की बजाय फैक्ट्री के वाटर कूलर में डाल दिया था.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “सूरत के कपोदरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिनंदन सोसायटी में स्थित मिलेनियम कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल पर अनभ डायमंड नाम की फैक्ट्री है जहां करीब 150 हीरा कारीगर काम करते हैं. बीती 9 अप्रैल की सुबह हमेशा की तरह कारीगर फैक्ट्री पहुंचे और वहां लगे वाटर कूलर से पानी भरकर पीने लगे. इसके कुछ देर बाद ही कई कारीगरों ने तबीयत खराब होने की शिकायत की.”

बता दें, कि निकुंज ने ही मैनेजर हरेश लश्करी से पानी से गंध आने की शिकायत की थी. इसके बाद हरेश ने इसकी जानकारी सुपरवाइजर को दी. सुपरवाइजर ने कूलर की जांच की तो पानी में सल्फास का पाउच मिला.

मामले की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री मालिक और पुलिस को सूचित किया गया. वहां मौजूद सभी 118 कारीगरों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें आरोपी निकुंज भी शामिल था. पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर तमाम पहलुओं पर जांच को आगे बढ़ाया.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में निकुंज की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं. पुलिस ने सल्फास के पाउच पर लिखे बैच नंबर के आधार पर जांच शुरू की और उस मेडिकल स्टोर तक पहुंची जहां से सल्फास खरीदा गया था. मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने से हैरान कर देने वाली बात सामने आई. इससे यह पता चला कि सल्फास खरीदने वाला कोई और नहीं बल्कि निकुंज ही था.

पुलिस की पूछताछ में निकुंज ने अपना अपराध कबूल कर लिया है और बताया कि उसे ऑनलाइन किराना व्यवसाय में भारी नुकसान हो गया था. उसने दोस्तों से 10 लाख रुपए का कर्ज ले रखा था जिसे वह वापस नहीं कर पा रहा था. इसलिए उसने आत्महत्या करने के इरादे से सल्फास खरीदा था. फैक्ट्री में एक ग्लास पानी में सल्फास डालकर पीने के लिए पैकेट फाड़ दिया था लेकिन कारीगरों की आवाजाही के चलते वह हिम्मत नहीं जुटा पाया और सल्फास के पैकेट को कूलर में डाल दिया था.

पुलिस ने आरोपी निकुंज को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस मामले में आरोपी के मामा और फैक्ट्री के मैनेजर हरेश लश्करी ने अनजाने में सल्फास युक्त दो बोतल पानी पी लिया था जिसके बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ गई थी. बीपी शुगर के मरीज होने के कारण उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी और तीन दिन से वह आईसीयू में हैं.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!