सरेआम मर्डर, प्रॉपर्टी डीलर की गोलियां मारकर हत्या…, बदमाशों ने गाड़ी पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान एक प्रॉपर्टी डीलर के रूप में हुई है. बदमाशों ने करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की और हत्या की वारदात को अंजाम दिया.
घटना शुक्रवार सुबह की है जब गोलियों की आवाज से पश्चिम विहार में दहशत फैल गई. राजकुमार की हत्या कर हमलावर मौके से फरार हो गए. हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. घटनास्थल से पुलिस को एक दर्जन गोलियों के खाली खोखे मिले हैं.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, “शख्स की पहचान राजकुमार दलाल के रूप में हुई है. वह पश्चिम विहार में अपने घर से सुबह के वक्त जिम जा रहे थे. इस दौरान वह अपनी फॉर्च्यूनर कार में सवार थे. रास्ते में करीब 4 से 5 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. यह फायरिंग 8 से 10 राउंड के करीब बताई जा रही है.”
जानकारी के मुताबिक, इस हमले में राजकुमार दलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. मृतक के माता-पिता ने बताया कि उनके बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं थी.
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार दलाल पेशे से एक प्रॉपर्टी डीलर थे. हत्या के पीछे की वजह को तलाशा जा रहा है. आपसी रंजिश या फिर रूपयों के लेन-देन में हत्या को अंजाम दिया गया है, इसकी जांच की जा रही है.
हमलावर जिन रास्तों से आए थे वहां के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं ताकि उनकी पहचान की जा सके. इस मामले में रंगदारी के साथ-साथ और भी एंगल पर जांच की जा रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
