“मेरी मां बहुत टूट चुकी है……”, होटल के कमरे में शख्स ने की खुदकुशी, लिखा- “पत्नी …….”
सांकेतिक तस्वीर (Meta AI)
मुंबई | मुंबई में एक 41 वर्षीय शख्स की खुदकुशी का मामला सामने आया है. मरने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. सुसाइड नोट में कथित तौर उसने अपनी पत्नी और आंटी को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है. यह सुसाइड नोट उसने अपनी कंपनी की वेबसाइट पर परिवार के नाम आखिरी संदेश के तौर पर छोड़ा है.
मृतक की पहचान निशांत त्रिपाठी के रूप में हुई है. मृतक का परिवार कानपुर में रहता है और वह एनीमेशन इंडस्ट्री में काम करता था. निशांत ने 28 फरवरी को आत्महत्या की थी. बाद में परिवार द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई. पुलिस ने 6 मार्च को इसकी जानकारी दी.
बताया जा रहा है कि निशांत त्रिपाठी ने मुंबई के विले पार्ले स्थित सहारा होटल में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. पुलिस के मुताबिक, निशांत ने आत्महत्या से तीन दिन पहले होटल में कमरा बुक किया था. जिस दिन निशांत ने सुसाइड किया, उस दिन उसने कमरे के बाहर “डू नॉट डिस्टर्ब” का बोर्ड भी लगा दिया था.
काफी देर तक रूम का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने दूसरी चाबी से रूम का दरवाजा खोला था. कमरा खुलने पर निशांत का शव लटका हुआ पाया गया था.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने मौके से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट भी बरामद किया था. इसमें लिखा था, “हाय बेब, जब तक तुम यह पढ़ोगी, मैं जा चुका होउंगा. मैं आखिरी पलों में तुमसे नफरत कर सकता था लेकिन मैं नहीं करता. इस पल के लिए मैं प्यार चुनता हूं. मैंने तब भी तुमसे प्यार किया था और अब भी तुमसे प्यार करता हूं और जैसा कि मैंने वादा किया था, यह खत्म नहीं होगा. मेरी मां जानती है कि मेरे द्वारा सामना किए गए अन्य सभी संघर्षों के अलावा तुम और प्रार्थना मौसी भी मेरी मौत के लिए जिम्मेदार हो. इसलिए मैं तुमसे विनती करता हूं अब उनके (मेरी मां) पास मत जाना. वह काफी टूट चुकी है और उन्हें शांति से शोक मनाने दो.”
इस घटना के बाद मृतक निशांत की मां ने मुंबई की एयरपोर्ट पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बीएनएस की धारा 108 के तहत निशांत की पत्नी अपूर्वा पारीक और उसकी आंटी प्रार्थना मिश्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
IANS
