अखिलेश यादव ने यूपी सरकार के बजट पर दी प्रतिक्रिया, क्या कहा ?
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव की फाइल फोटो (आईएएनएस)
लखनऊ | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरूवार को पेश योगी सरकार के बजट पर निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने कहा कि इस बजट का झोला खाली है. जनता को लग रहा है कि बजट आया ही नहीं है.
अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि यह भाजपा का ‘सेकंड लास्ट’ बजट था. एक बार फिर बजट पेश होगा और फिर नई सरकार चुनने का अवसर मिलेगा.
उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार का बजट घोषणा पत्र से मेल नहीं खाता है. बजट को बिना विजन के पेश किया गया है. यूपी सरकार का कोई रोडमैप तय नहीं था, कि किस दिशा में उत्तर प्रदेश को ले जाना है. हर बजट में सरकार यह कहती है कि यह सबसे बड़ा बजट है. लेकिन, इसका कोई मायने नहीं है, क्योंकि हर बजट पिछले बजट से ज्यादा होगा.”
किसानों और महिलाओं को लेकर उन्होंने कहा, “इसे (बजट) देखकर किसानों की उम्मीदों का खेत सूख गया है. महिलाओं के माथे पर घर चलाने की चिंता की लकीरें उभर आई हैं. इसमें आम जनता के लिए कुछ नहीं है. लोग कह रहे हैं कि सरकार का प्रवचन तो हो गया है, अब बजट कब आएगा ?”
अखिलेश यादव ने कहा, “बजट देखकर मंत्री और विधायक भी निराश हैं, क्योंकि इसमें उनके अपने विभाग के लिए कुछ नहीं है. आखिर उन्हें ही जनता का सामना करना है. भाजपा ने इस बजट में भी अपने संकल्प पत्र के वादे पूरे नहीं किए हैं. यह उनका नौंवा बजट है. बजट में महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने के लिए कुछ भी नहीं है. बजट बड़ा होने से कुछ नहीं होता, सवाल यह है कि इसमें युवा, किसान, बेरोजगार और महिलाओं को क्या मिला है?”
“अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश ने योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा, “प्रदेश का अपराध कुछ ही लोगों पर भरोसा करके नियंत्रण कराया जा रहा है. अभी तक का सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार पुलिस विभाग में है. यूपी पुलिस में हर तरह का भ्रष्टाचार है. महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं.”
