अश्लील जोक्स मामला : बयान दर्ज कराने पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचे रणवीर इलाहाबादिया, अब आगे क्या…..
रणवीर इलाहाबादिया (फाइल फोटो वाया आईएएनएस)
मुंबई | समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में अभद्र भाषा के चलते फंसे रणवीर इलाहाबादिया को पुलिस ने दूसरी बार समन भेजा है. रणवीर को गुरुवार को अपना बयान दर्ज कराना था लेकिन वह पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचे.
खार पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, “रणवीर इलाहाबादिया को गुरुवार को तीन बजे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था लेकिन वह थाने में हाजिर नहीं हुए. इसके बाद पुलिस ने रणवीर को दूसरा समन भेजा.”
जानकारी के अनुसार इलाहाबादिया ने पुलिस से गुजारिश की थी कि उनका बयान थाने में बुलाकर न लिया जाए लेकिन पुलिस ने उनकी इस मांग को खारिज करते हुए थाने में हाजिर होकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा था.
वही इसी मामले में महाराष्ट्र की साइबर सेल ने गुरुवार को समय रैना को भी दूसरी बार समन भेजा. इसमें उन्हें 17 फरवरी को पेश होने का निर्देश दिया गया है. समय रैना के वकील ने साइबर सेल को बताया है, “वह फिलहाल अमेरिका में हैं और 17 मार्च को देश लौटेंगे.”
साइबर पुलिस ने बुधवार को दावा किया कि उसने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में शामिल 40 लोगों की पहचान कर ली है. शो में बतौर जज शामिल सिद्धार्थ तेवतिया (बप्पा) को भी तलब करते हुए अपना बयान दर्ज कराने को कहा गया है. मुंबई की खार पुलिस ने अब तक 7 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें शो से जुड़े आशीष चंचलानी, अपूर्वा मखीजा, प्रोडक्शन मैनेजर और चीफ प्रोग्रामर तुषार पुजारी के अलावा स्टूडियो में काम करने वाले तीन अन्य लोग शामिल हैं.
तुषार पुजारी ने अपने बयान में बताया, “मैं सिर्फ प्रोग्राम में भाग लेने वाले 14 लोगों का चयन करता था. वे लोग शो के दौरान एक्ट करते थे.”
बता दें कि साइबर सेल शो में शामिल होने वाले अन्य लोगों को भी समन भेजेगा. इस लिस्ट में रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना, राखी सावंत, महीप सिंह, दीपक कलाल समेत कई मेहमानों के नाम शामिल हैं. इसके साथ शो के प्रायोजकों से भी पूछताछ होगी.
