नर्स का कारनामा आपको कर देगा हैरान! बच्चे के घाव पर टांके लगाने की जगह लगा दी फेवीक्विक

nurse applies feviquik on the cheek of 7 year old Karnataka Adoor 2 (1) (1) (1)

फोटो: सोशल मीडिया

The Hindi Post

कर्नाटक से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां के एक सरकारी अस्पताल की नर्स ने एक बच्चे के घाव पर टांके लगाने की बजाए उस पर फेवीक्विक लगा दिया. ऐसा करके उसने घाव को चिपका दिया. राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नर्स को सस्पेंड कर दिया है और जांच बैठा दी है.

यह मामला 14 जनवरी का है. हैरान करने वाली यह घटना हावेरी के हनागल तालुक के अदूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की है. परिजन अपने सात साल के बच्चे गुरुकिशन अन्नप्पा होसामानी को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे. बच्चे के गाल पर चोट लगी थी और गहरे घाव से बहुत खून बह रहा था. नर्स ने बच्चे के घाव पर टांके लगाने की बजाय फेवीक्विक का इस्तेमाल किया.

जब बच्चे के माता-पिता ने नर्स से इसको लेकर सवाल पूछा तो उसने कहा कि टांके लगाने से बच्चे के चेहरे पर निशान रह जाएगा. इस दौरान बच्चे के परिजनों ने नर्स का वीडियो बना लिया. वीडियो में नर्स माता-पिता को यह कहकर टाल रही है कि वह सालों से ऐसे करती आ रही है चिंता की बात नहीं है. इसके बाद परिजनों ने नर्स की शिकायत कर दी.

जब यह मामला राज्य सरकार की जानकारी में आया तो नर्स के खिलाफ एक्शन लिया गया. उसे सस्पेंड कर दिया गया. नर्स को निलंबित करने का निर्णय बुधवार को राज्य सरकार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुलाई गई बैठक में लिया गया.

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “फेवीक्विक एक चिपकने वाला पदार्थ है जिसके मेडिकल इस्तेमाल की इजाजत नियमों के तहत नहीं है. इस मामले में बच्चे के इलाज के लिए फेवीक्विक का इस्तेमाल करने वाली जिम्मेदार स्टाफ नर्स को निलंबित कर दिया गया है और जांच की जा रही है.”

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!