क्या लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद है भाजपा के संपर्क में?, क्या पार्टी में होगी टूट?
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती (फाइल फोटो | आईएएनएस)
पटना | सांसद अरुण भारती ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में फूट और टूट की खबरों को गलत करार दिया है. राष्ट्रीय जनता दल पर सीधा हमला करते हुए कहा कि ऐसे बयानों का उद्देश्य एनडीए को कमजोर करना और अपनी राजनीति की डूबती नैया को बचाना है. अरुण भारती यहां राष्ट्रीय जनता दल के मुकेश रोशन के बयान का जिक्र कर रहे थे.
सांसद अरुण भारती ने कहा कि हमारी पार्टी एकजुट है. राष्ट्रीय जनता दल द्वारा भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है. राष्ट्रीय जनता दल का मकसद साफ है. वे चाहते हैं कि हमारी पार्टी और एनडीए के बीच अविश्वास का माहौल बने ताकि इसका राजनीतिक लाभ वे उठा सके.
उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय जनता दल जानता है कि अगर एनडीए एकजुट रहा तो उनका कोई भविष्य नहीं है. इसी कारण इस तरह का भ्रामक बयान देकर हमारी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है. राष्ट्रीय जनता दल यह समझ चुका है कि देश या बिहार में उनकी राजनीतिक प्रासंगिक नहीं रह गई है. इस कारण वे इस तरह का बयान देकर ध्यान भटकाना चाहते हैं.”

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के इन विचारों से हमारे सभी कार्यकर्ता भली भांति अवगत हैं और हम उनके बहकावे में नहीं आने वाले हैं. हमारा गठबंधन एनडीए के साथ अटूट है और देश की प्रगति के लिए हम काम करते रहेंगे. किसी भी भ्रमित करने वाले बयान से भ्रम में नहीं डाल सकता है.
उल्लेखनीय है कि पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान ने भी गुरुवार को कहा था कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती. जो लोग सोचते हैं कि बार-बार एक ही पैंतरा आजमा लिया जाएगा और अफवाहों के जरिए मुझे डराया जा सकेगा, वे गलतफहमी में हैं. विपक्ष की ये चालें कभी कामयाब नहीं होंगी.
चिराग ने कहा कि इस तरह की अफवाहों से उनकी पार्टी और उनका मनोबल टूटने वाला नहीं है. इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल के विधायक मुकेश रोशन ने कहा था कि लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के तीन सांसद भाजपा के संपर्क में हैं.
बता दे कि चिराग पासवान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से लोक सभा सांसद है.
आईएएनएस
