भाजपा ने कंगना रनौत के बयान से किया किनारा, दी कड़ी चेतावनी, क्या कहा था कंगना ने?
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
नई दिल्ली | भाजपा ने किसान आंदोलन को लेकर हिमाचल प्रदेश की मंडी से पार्टी की लोकसभा सांसद कंगना रनौत के बयान से किनारा करते हुए उन्हें कड़ी फटकार भी लगाई है.
भाजपा ने बॉलीवुड अभिनेत्री के बयान को लेकर सोमवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी कंगना रनौत के बयान से “असहमति व्यक्त करती है”. पार्टी ने नीतिगत विषयों पर उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी है और न ही वह इसके लिए अधिकृत हैं.
भाजपा ने इसके साथ ही कंगना रनौत को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में इस तरह का कोई भी बयान न देने की नसीहत भी दी.

पार्टी आलाकमान के निर्देश पर भाजपा के केंद्रीय मीडिया विभाग ने कंगना रनौत के विवादास्पद बयान पर पार्टी का आधिकारिक स्टैंड जारी करते हुए कहा, “भाजपा सांसद सुश्री कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में दिया गया बयान पार्टी का मत नहीं है. भारतीय जनता पार्टी सुश्री कंगना रनौत के बयान से असहमति व्यक्त करती है. पार्टी की ओर से, पार्टी के नीतिगत विषयों पर बोलने के लिए सुश्री कंगना रनौत को न तो अनुमति है और न ही वह बयान देने के लिए अधिकृत हैं.”

बयान में आगे कहा गया है कि पार्टी की ओर से “सुश्री कंगना रनौत को निर्देशित किया गया है कि वह इस प्रकार के कोई बयान भविष्य में न दें. भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ तथा सामाजिक समरसता के सिद्धांतों पर चलने के लिए कृतसंकल्प है.”
क्या बोली थी कंगना रनौत?
एक मीडिया इंटरव्यू में बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा था कि अगर हमारा शीर्ष नेतृत्व कमजोर होता तो भारत में बांग्लादेश जैसी स्थिति हो सकती थी. सभी ने देखा कि किसान आंदोलन के दौरान क्या हुआ. प्रदर्शन के नाम पर हिंसा फैलाई गई. वहां रेप हो रहे थे, लोगों को मारकर लटकाया जा रहा था.
पंजाब के कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राज कुमार वेरका ने कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज करने और एनएसए के तहत एक्शन लेने की मांग की है. उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि कंगना ने पंजाब और किसानों को बदनाम किया है. ऐसे में उन्हें डिब्रूगढ़ जेल भेजा जाना चाहिए. वेरका ने कहा कि आए दिन कंगना पंजाब के नेताओं और किसानों पर सवाल उठाती हैं. उनपर एक्शन लिया जाना चाहिए.
आईएएनएस और हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
