कोलकाता डॉक्टर रेप-हत्या मामले में सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में सौंपी स्टेटस रिपोर्ट

CBI (1)

सांकेतिक तस्वीर (क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

कोलकाता | कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या मामले में सीबीआई ने गुरुवार को स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में सौंप दी. सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अभी कई कड़ियां जुड़ना बाकी है.

बता दें कि मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च न्यायालय की खंडपीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है. इस मामले में सीजेआई की खंडपीठ में यह दूसरी सुनवाई है और अब सभी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही पर टिकी हैं.

सूत्रों ने कहा कि सीबीआई की स्टेटस रिपोर्ट में कई ऐसी कड़ियां हैं जिनके जुड़ने से केस आईने की तरह साफ हो जाएगा. पहली कड़ी यह है कि 9 अगस्त की सुबह अस्पताल के सेमिनार हॉल में शव मिलने और फिर इस बारे में पुलिस को सूचना देने के बीच लंबा अंतराल क्यों है?

सूत्रों ने कहा कि जांच कर रहे सीबीआई के अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि अस्पताल के अधिकारियों, खासकर पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष ने शव मिलने के बाद पुलिस को सूचित करने में इतना समय क्यों लगाया.

Advertisement

सीबीआई मामले की तह तक जाने के लिए पिछले शुक्रवार से डॉ. घोष से पूछताछ कर रही है. लगभग हर दिन 12 से 14 घंटे तक पूछताछ हो रही है.

गुरुवार को भी डॉ. घोष कोलकाता के सीबीआई कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित हुए. यह लगातार सातवां दिन था जब वह सीबीआई के सामने पेश हुए. सीबीआई ने गुरुवार को घोष के ड्राइवर को भी पूछताछ के लिए बुलाया है.

दूसरा लिंक वह व्यक्ति है जिसने सबसे पहले 9 अगस्त की सुबह सेमिनार हॉल में पीड़िता का शव देखा था.

सूत्रों ने बताया कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के मेडिकल और नॉन-मेडिकल स्टाफ से पूछताछ के बाद भी जांच अधिकारी अभी तक उस व्यक्ति की पहचान नहीं कर पाए हैं जिसने सबसे पहले शव को देखा था. जिन लोगों से पूछताछ की जा रही है उन्होंने विरोधाभासी बयान दिए हैं.

सूत्रों ने बताया कि जांच अधिकारी का मानना ​​है कि शव को सबसे पहले देखने वाले व्यक्ति का पता लग जाने के बाद कई सवालों के जवाब मिल जाएंगे.

9 अगस्त को अस्पताल परिसर में रहस्यमय परिस्थितियों में एक महिला डॉक्टर का शव मिला था. अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले को लेकर कोलकाता व देश भर में विरोध प्रदर्शन हो रहे है.

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!