काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती, ‘खटाखट’ करने वालों को हम सफाचट …… : सीएम योगी
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यूपी विधानसभा में सपा और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे.
सीएम योगी ने कहा कि इन लोगों ने देश की जनता को ठगने का काम किया है. इन लोगों ने संविधान बदलने की बात कहकर जनता को गुमराह किया है. लेकिन, काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है. 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे. केंद्र में मोदी सरकार को 10 साल हो गए. लेकिन, आज तक संविधान नहीं बदला गया. सपा-कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है. कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर देश के लोकतंत्र को कुचला था. आज सपा के लोग उन्हीं के साथ मिलकर संविधान बचाने की बात कर रहे हैं. इसका जवाब 2027 में मिलेगा.
अनुपूरक बजट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और सपा के गठबंधन पर करारा हमला बोला. सीएम योगी ने INDIA गठबंधन के ‘खटाखट स्कीम’ पर बोलते हुए प्रश्र किया कि एक लाख का बॉन्ड कहां गया? उन्होंने भाजपा और एनडीए के अपने सहयोगी विधायकों से कहा कि आप सब जनता-जनार्दन के बीच जाइए और उनसे पूछिए कि एक लाख का बॉन्ड कहां गया, कौन खा गया और उसे खाने वाले लोग कौन हैं?
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब के पंच तीर्थों का निर्माण कराया. मध्य प्रदेश के महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर भव्य स्मारक हो या इंग्लैंड के जिस मकान से बाबा साहब अंबेडकर ने उच्च शिक्षा अर्जित की थी, इंडिया हाउस के रूप में उसे प्रधानमंत्री मोदी ने स्थापित किया. बाबा साहब अंबेडकर ने दिल्ली के जिस मकान में रहते हुए अपना सार्वजनिक जीवन व्यतीत किया था, प्रधानमंत्री ने उसे भी स्मारक बनाया. नागपुर में जिस स्थल पर बाबा साहब ने बौद्ध दीक्षा प्राप्त की थी, उसे भी प्रधानमंत्री ने ही स्मारक बनाया. मुंबई में स्थित बाबा साहब अंबेडकर की चैत्य भूमि पर स्मारक बनाने का कार्य प्रधानमंत्री और महाराष्ट्र की भाजपा सरकार ने किया.
IANS
