नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने तीसरी क्लास में पढ़ने वाले छात्र को कथित तौर पर गोली मारी, मचा हड़कंप

Gun Deposit PhotosThe English Post (1)

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

सुपौल | बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां पांच वर्षीय छात्र ने अपने से तीन साल सीनियर छात्र को गोली मार दी. गोली मारने की यह घटना स्कूल में हुई.

अधिकारियों ने बताया कि नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाला छात्र पिस्टल अपने बैग में रख कर स्कूल लाया था.

गोली छात्र के हाथ में लगी है. इसके बाद घायल छात्र को तत्काल इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के मुताबिक, बुधवार को लाल पट्टी स्थित एक प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल में एक छात्र ने दूसरे छात्र को गोली मार दी. गोली लगने से वह घायल हो गया.

जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) शैशव यादव ने आईएएनएस को बताया कि यह घटना सुबह करीब 9 बजे हुई.

पुलिस ने बताया कि पिस्टल नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र के स्कूल बैग में रखी हुई थी. गोली इसी पिस्टल से चली थी. पीड़ित कक्षा 3 का छात्र है. उसके हाथ में चोट आई है और वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है. पुलिस ने कहा कि वह खतरे से बाहर है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पिस्टल का इस्तेमाल किसने किया.

इस घटना के बाद स्कूल में अफरा तफरी की स्थिति बन गई. घटना के बाद बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय निवासी स्कूल में जमा हो गए और स्कूल परिसर के अंदर और बाहर हंगामा किया.

घायल छात्र के परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल में तोड़फोड़ कर हंगामा किया. रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी छात्र के पिता को जब स्कूल में बुलाया गया तो वे अपने बेटे और हथियार को लेकर फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपी छात्र पिस्तौल अपने बैग में लेकर आया था. हालांकि, घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है.

एसपी शैशव यादव ने कहा, “फिलहाल अभिभावकों को शांत करने के प्रयास चल रहे हैं. इलाके में स्थिति को सामान्य करने के लिए पर्याप्त फाॅर्स लगाई गई है.”

उन्होंने कहा, “हम इस घटना की जांच कर रहे हैं कि बच्चा स्कूल के अंदर हथियार कैसे लेकर आया. अभी जांच का शुरुआती दौर है और हम यह पता लगाने के लिए गहन जांच करेंगे कि यह लाइसेंसी हथियार है या नही. जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.”

अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!