बांग्लादेश में भारी बवाल… भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी, सतर्क रहने के लिए कहा गया, VIDEO
ढाका | बांग्लादेश स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को एक एडवाइजरी जारी की. इसमें कहा गया है कि बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच भारतीय छात्र और नागरिक सतर्क रहे. बांग्लादेश में छात्रों के विरोध प्रदर्शन में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है.
एडवाइजरी में कहा गया है, “बांग्लादेश में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय समुदाय के सदस्यों और बांग्लादेश में रहने वाले भारतीय छात्रों, भारतीय नागरिकों को यात्रा करने से बचने और अपने रहने की जगह (घर) से बाहर कम ही निकलने की सलाह दी जाती है.”
भारत सरकार ने 24 घंटे चालू रहने वाली इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी की है. भारतीय नागरिकों से ढाका में मौजूद उच्चायोग और सहायक उच्चायोग से जरूरत पड़ने पर संपर्क करने को कहा गया है. गुरुवार को बांग्लादेश के अधिकांश हिस्से में पूर्ण बंद रहा.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश में छात्र प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है. आरक्षण विरोधी प्रदर्शनकारियों की सत्तारूढ़ अवामी लीग की स्टूडेंट विंग के सदस्यों के साथ देश-भर में झड़पें हुई.
⚡️Scenes from the protests in Bangladesh pic.twitter.com/OXBLj7HleA
— War Monitor (@WarMonitors) July 18, 2024
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ढाका के शोनीर अखरा इलाके में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा अधिकारियों के बीच हुई झड़पों में एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई.
आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं देश भर से सामने आई हैं. प्रदर्शनकारियों ने टायर, लकड़ी के लट्ठे, मोटरसाइकिल और टोल प्लाजा बूथों में आग लगा दी.
देश (बांग्लादेश) में बेरोजगारी की उच्च दर से नाराज बांग्लादेश के छात्र 1971 के स्वतंत्रता संग्राम के दिग्गजों के परिवारों के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण कोटा को खत्म करने की मांग कर रहे हैं.
सरकारी नौकरियों में कोटा प्रणाली को 2018 में एक बड़े छात्र आंदोलन के बाद खत्म कर दिया गया था लेकिन बीते जून में इसे फिर से लागू कर दिया गया. ऐसा अदालत के आदेश पर किया गया.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
