बड़ी खबर: सेना के काफिले पर आतंकी हमला, चार जवान शहीद

Army (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

जम्मू | जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सोमवार को आतंकियों ने सेना के काफिले पर अचानक हमला कर दिया. इस हमले में चार जवान शहीद तो छह घायल हो गए.

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने आज दोपहर 3.30 बजे कठुआ में माचेडी-किंडली-मल्हार रोड पर नियमित गश्त कर रहे सेना के वाहनों पर ग्रेनेड फेंका और फिर गोलीबारी की.

अधिकारियों ने बताया, “आतंकवादियों ने बदनोटा गांव के पास हमला किया जो कठुआ शहर से 150 किलोमीटर दूर है.”

सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकवादी मौके से भाग निकले.

अधिकारियों ने बताया कि छह घायल जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.”

इलाके में बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाने के लिए अतिरिक्त बल को मौके पर भेजा गया है ताकि हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों का पता लगाया जा सके.

12 और 14 जून को कठुआ जिले के हीरानगर इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे. इस मुठभेड़ के दौरान सीआरपीएफ का एक जवान वीरगति को प्राप्त हो गया था.

जम्मू संभाग के रियासी जिले में 9 जून को निर्दोष तीर्थयात्रियों पर बड़ा आतंकी हमला हुआ था. आतंकियों ने शिव-खोरी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस पर गोलीबारी की थी.

आतंकवादियों ने बस के चालक की हत्या कर दी थी. इसके बाद भी आतंकियों ने बस पर फायरिंग करना बंद नहीं किया था. नतीजा यह हुआ था कि बस खाई में गिर गई थी. इस हमले में नौ तीर्थयात्रियों की जान चली गई थी और 44 यात्री घायल हो गए थे.

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी, आरआर स्वैन ने कहा है कि पुंछ, राजौरी और आस-पास के जिलों में विदेशी आतंकियों का एक समूह सक्रिय है जो इलाके की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठा रहा हैं.

वही सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ आक्रामक अभियान शुरू कर दिया है.

बता दे कि 6 और 7 जुलाई को आतंकियों और सेना के बीच हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में छह आतंकी मारे गए थे. वही दो जवान शहीद हो गए थे.

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!