माला पहनाने के बहाने कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार को शख्स ने मारा थप्पड़, VIDEO

Kanhaiya Kumar (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे कन्हैया कुमार पर शुक्रवार को दो युवकों ने हमला कर दिया. इन युवकों ने दिल्ली में प्रचार कर रहे कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारे. हालांकि वहां मौजूद कन्हैया के समर्थकों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. यह घटना उत्तर पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में स्थित करतार नगर में हुई.

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार हैं. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, प्रचार के दौरान दो युवक कन्हैया कुमार को माला पहनाने के बहाने उनके नजदीक आए. इनमें से एक युवक ने कन्हैया कुमार को थप्पड़ मार दिया. मौके पर ही थप्पड़ मारने वाले युवक को पकड़ लिया गया.

गौरतलब है कि दिल्ली में 25 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है. यहां लोकसभा की सात सीटें हैं. बीजेपी सातों सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच दिल्ली में गठबंधन है. आम आदमी पार्टी चार सीटों पर और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है. इन तीन सीटों में से एक सीट उत्तर पूर्वी दिल्ली की है, जहां से कन्हैया कुमार मैदान में हैं.

कन्हैया का मुकाबला यहां भाजपा सांसद मनोज तिवारी से है. यह सीट सबसे अधिक चर्चा में है. कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली समेत कई नेता अपने पद व पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं. लवली कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!