2000 करोड़ रुपये के ड्रग रैकेट मामले में फिल्म निर्माता गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
तमिल फिल्मों के निर्माता जफर सादिक को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और नारकोटिक्स कंट्रोल बोर्ड (एनसीबी) ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया.
एनसीबी ने कहा कि ऐसा माना जा रहा कि सादिक एक ड्रग सिंडिकेट का संचालन कर रहा था. इस ड्रग रैकेट ने पिछले तीन सालों में लगभग 3,500 किलोग्राम स्यूडोफेड्रिन (Pseudoephedrine) न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया भेजा था. न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भेजी गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है.
स्यूडोफेड्रिन एक रसायन है जिसका उपयोग मेथमफेटामाइन बनाने के लिए किया जाता है. मेथमफेटामाइन (Methamphetamine) एक खतरनाक और अत्यधिक नशे की लत वाली सिंथेटिक दवा है.
एनसीबी ने आगे दावा किया कि सादिक ने खुलासा किया है कि उसने मादक पदार्थों की तस्करी के संचालन से भारी मात्रा में पैसा कमाया है और इसे फिल्म, कंस्ट्रक्शन, हॉस्पिटैलिटी जैसे उद्योगों में निवेश किया है.

इससे पहले, अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत दिल्ली में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन को जब्त किया गया था.
तीनों आरोपियों को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था और उनके कब्जे से 50 किलोग्राम स्यूडोफेड्रिन जब्त किया गया था. इनसे पूछताछ में पता चला था कि ड्रग्स को समुद्री जहाज और हवाई रास्ते से न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया भेजा जा रहा था.
बता दे कि जफर सादिक तमिलनाडु में सत्तारूढ़ DMK में पदाधिकारी था. DMK ने सादिक को बर्खास्त कर दिया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
