एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
सांकेतिक तस्वीर : फोटो क्रेडिट: (आईएएनएस/IANS)
गोपालगंज | ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहाद उल मुस्लिमीन यानि एआईएमआईएम के गोपालगंज (बिहार) अध्यक्ष अब्दुल सलाम उर्फ असलम मुखिया की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है.
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि अब्दुल सलाम एक शख्स के साथ सोमवार की रात करीब नौ बजे बाइक से तुरकाहा पुल की तरफ से गोपालगंज की ओर आ रहे थे. इसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार दो अपराधियों ने तुरकाहा पुल के समीप उन्हें गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल अब्दुल सलाम को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी. प्रथमदृष्टया आपसी रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की गई है.
आईएएनएस
