ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने किया राज्यसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा, लिस्ट में एक पत्रकार का भी नाम
फाइल फोटो | IANS
कोलकाता | पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की.
घोषित किए गए चार उम्मीदवारों के नाम है – मोहम्मद नदीमुल हक, ममता बाला ठाकुर, सुष्मिता देव और सागरिका घोष हैं. हक वर्त्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं.
ठाकुर और देव दोनों पूर्व सांसद हैं. देव असम की पूर्व कांग्रेस नेता हैं और सागरिका घोष पेशे से पत्रकार हैं.
तृणमूल कांग्रेस के तीन मौजूदा राज्यसभा सदस्य, जिन्हें दोबारा नामांकन करने का अवसर नहीं मिला, वे हैं डॉ शांतनु सेन, सुभाशीष चक्रवर्ती और अबीर रंजन विश्वास.
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विधायकों के वर्तमान संख्यात्मक वितरण के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के चार और भाजपा के एक उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है.
भाजपा ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है. पता चला है कि भाजपा की राज्य इकाई ने पहले ही पार्टी आलाकमान को उम्मीदवारों की एक सूची भेज दी थी और उम्मीद है कि आलाकमान जल्द ही सूची में से किसी एक को चुन लेगा.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
