अवैध रूप से चल रहे शेल्टर होम से 26 लड़कियां गायब, हड़कंप
भोपाल | मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अवैध रूप से संचालित शेल्टर होम में रह रही लड़कियों में से 26 लड़कियां लापता हो गई है. इन लड़कियों को मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात, झारखंड और राजस्थान जैसे विभिन्न राज्यों से बचाकर भोपाल लाया गया था.
यह मामला तब सामने आया जब राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने भोपाल के परवलिया इलाके में स्थित आंचल गर्ल्स हॉस्टल का औचक दौरा किया.
औचक निरीक्षण के बाद प्रियांक कानूनगो ने दावा किया कि 68 लड़कियों में से 26 लड़कियां गायब है. जब शेल्टर होम के संचालक अनिल मैथ्यू से इन लड़कियों के बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. मामले में पुलिस की ओर से FIR दर्ज की गई है.
प्रियांक कानूनगो ने दावा किया कि एक मिशनरी जो बाल गृह का प्रबंधन करती है, वह बिना किसी लाइसेंस के शेल्टर होम चला रही है. एनसीपीसीआर अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चियों को गुप्त रूप से बाल गृह में रखा गया था.
उन्होंने आगे कहा कि ज्यादातर लड़कियां 6 से 18 साल की आयु की है और वह सभी हिंदू हैं. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “भोपाल के परवलिया थाना क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित बालगृह से 26 बालिकाओं के गायब होने का मामला मेरे संज्ञान में आया है. मामले की गंभीरता तथा संवेदनशीलता को देखते हुए सरकार से संज्ञान लेने एवं त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
