“जब विजिटर गैलरी से कूदे थे लड़के और उन्होंने धुआं फैलाया था तब सभी भाजपा सांसद भाग निकले थे, हवा निकल गई थी उनकी….” बोले राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को बेरोजगारी के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब दो लोग दर्शक दीर्घा से लोकसभा हॉल में कूदे थे तब भाजपा सांसद भाग निकले थे.
जंतर-मंतर पर शुक्रवार को ‘लोकतंत्र बचाओ’ विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के दौरान, राहुल गांधी ने संसद सुरक्षा चूक के बारे में कहा, “दो युवक आए. उन्होंने दर्शक दीर्घा से छलांग लगाई और कलर स्मोक (धुआं) छोड़ दिया. सभी भाजपा सांसद भाग गए थे. जो खुद को देशभक्त कहते हैं, हवा निकल गई थी उनकी. आप उसे टीवी पर नहीं देख सकते, लेकिन हमने देखा था.”
13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा, “वे अंदर कैसे आए? सुरक्षा में चूक हुई. वे सिलेंडर (स्मोक कैनिस्टर) कैसे लाए? यदि वे ये ला सकते हैं तो वह कुछ भी ला सकते थे.”
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया (लोक सभा सदन में कूदना), ये जानना जरूरी है.
उन्होंने आगे कहा, “देश में बेरोजगारी है. युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही हैं. जो लोग सर्वे करते हैं, मैंने उनसे कहा कि आप छोटे-छोटे शहरों में जाकर एक छोटा सा सर्वे करें और जिन युवाओं ने सेलफोन ले रखा है, पता लगाएं कि वो इंस्टाग्राम, ट्विटर और फेसबुक पर कितना समय बिताते हैं. और मैंने सर्वे करवाया. मुझे आश्चर्य हुआ, वे (युवा) हर दिन 7.5 घंटे सोशल मीडिया पर बिताते हैं.”
उन्होंने आरोप लगाया, ”ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि मोदीजी ने उन्हें रोजगार नहीं दिया, उनकी नौकरियां छीन लीं और उन्हें फोन चेक करने का काम दे दिया.”
राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं ने सुरक्षा उल्लंघन किया, यह आपकी (सरकार) गलती है. यही कारण था (बेरोजगार) कि वे सदन में कूद पड़े.
आईएएनएस
