UP: साबुन फैक्ट्री में जोरदार धमाका, पूरी बिल्डिंग हुई जमींदोज, चार की मौत

Meerut (2)
The Hindi Post

यूपी के मेरठ से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक साबुन फैक्ट्री में जोरदार धमाका होने से पूरी बिल्डिंग जमींदोज हो गई. इस दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है. जबकि पांच लोग घायल हुए हैं. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स और रेस्क्यू टीम मौजूद है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों से घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा है.

बता दें कि साबुन फैक्ट्री मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में सत्यकाम स्कूल के सामने एक किराए के मकान में संचालित की जा रही थी. फैक्ट्री आलोक गुप्ता और गौरव गुप्ता चलाते थे, जबकि मकान संजय गुप्ता का है. आज तड़के जिस बिल्डिंग में फैक्ट्री संचालित हो रही थी उसमें विस्फोट हो गया. जिसके चलते पूरी बिल्डिंग जमींदोज हो गई. हादसे के बाद इलाक़े में हड़कंप मच गया. धमाके के जद में आकर आस-पास के कुछ मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.

बिल्डिंग के गिरते ही चीख-पुकार मच गई. फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए. सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. मलबे से करीब दर्जन भर लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां अब तक चार लोगों को मृत घोषित किया जा चुका है. जबकि पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि विस्फोट तब हुआ जब बॉयलर, जिसमें कुछ रसायन थे, फट गया.

अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बिल्डिंग में साबुन बनाने की मशीनें और साबुन स्टॉक आदि के रखे होने की बात सामने आई है. लेकिन स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि यहां साबुन फैक्ट्री के आड़ में पटाखा बनाने का काम चल रहा था. जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी. जिले के डीएम ने पटाखा फैक्ट्री होने की बात से इनकार किया है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post
error: Content is protected !!