इजरायल-हमास जंग के बीच भारत में इजरायल के राजदूत नाओर गिलोन ने भारत सरकार और भारतीय लोगों की तरफ से मिले समर्थन के लिए सभी का शुक्रिया अदा किया है. गिलोन ने ANI को दिए इंटरव्यू में दावा किया है कि उनके पास भारतीय नागरिकों के फोन आ रहे हैं. फोन पर लोग उन्हें कह रहे हैं कि वह इजरायल की तरफ से जंग लड़ना चाहते हैं.
नाओर गिलोन ने कहा, “इजराइल को दिए गए समर्थन के लिए भारतीय लीडरशिप और लोगों का आभार. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हमें जिस स्तर का समर्थन मिला है, उन्होंने सामने आकर निंदा करते हुए ट्वीट किया और इजरायल को समर्थन दिया, हम उसे भूलेंगे नहीं. भारतीय लोगों का इतना ज्यादा समर्थन मिल रहा है कि हम उनके सपोर्ट से एक और इजरायली सेना (IDF) बना सकते हैं.”
गिलोन ने आगे कहा कि उन्हें समर्थन के लिए मंत्रियों और अधिकारियों से लेकर कई भारतीय व्यापारियों तक के फोन आए हैं.
गिलोन ने आगे कहा, “इजरायली दूतावास का सोशल मीडिया अकाउंट देखिए. हर कोई मुझसे कह रहा है कि मैं स्वेच्छा से इजरायल के लिए काम करना चहता हूं. मैं वहां जाकर इजरायल के लिए लड़ना चाहता हूं. यह मजबूत समर्थन हमारे लिए अभूतपूर्व है. भारत और इजराइल की निकटता ऐसी है, जिसे समझाया नहीं जा सकता है.”