रिहा हुए अतीक अहमद के दो बेटे, बुआ को मिली कस्टडी
अतीक अहमद (फाइल फोटो)
माफिया अतीक अहमद की हत्या के सात महीने के बाद उसके दो बेटों को प्रयागराज के बाल सुधार गृह से रिहा कर दिया गया है. अतीक के दोनों छोटे बेटों अहजम अहमद और आबान अहमद को नाबालिग होने की वजह से बाल सुधार गृह में भेज दिया गया था. उनके बालिग होने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के आदेश के बाद रिहा किया गया है. अहजम और आबान को उनकी बुआ यानि अतीक की छोटी बहन शाहीन परवीन को सौंपा गया है.
अब अहजम और आबान, शाहीन परवीन की देखरेख में रहेंगे. अतीक के दो बड़े बेटे मोहम्मद उमर और अली यूपी की अलग-अलग जेलों में बंद हैं. उसका एक बेटा मोहम्मद असद यूपी पुलिस के एनकाउंटर में पहले ही मारा जा चुका है. जबकि उनकी मां शाइस्ता परवीन लंबे समय से फरार चल रही है.
इसी साल 15 अप्रैल को अतीक और उसके भाई अशरफ के मारे जाने के बाद से ही उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन फरार चल रही है.
कहा जा रहा है कि वो माफिया के दाहिने हाथ कहे जाने वाले गुड्डू मुस्लिम के साथ नेपाल भाग चुकी है. परिवार में शाइस्ता के बाद उसके पांच बेटे ही थे, जिनमें असद अपने पिता से पहले ही पुलिस की गोलियों का शिकार हो चुका है. बचे चार बेटों में उमर लखनऊ, तो अली प्रयागराज जेल में बंद है.
चार मार्च को प्रयागराज पुलिस ने दोनों भाईयों अहजम और आबान को उनके घर के पास ही लावारिस हालत में हिरासत में लिया था.
