यूपी के कौशांबी में तीन लोगों की हत्या से सनसनी, गुस्साए लोगों ने की आगजनी
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के कौशांबी में भूमि विवाद को लेकर घर के बाहर सो रहे तीन लोगों की हत्या कर दी गई. गुस्साए लोगो ने आरोपियों की झोपड़ियों में आग लगा दी. मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है.
पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव ने बताया कि कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में ट्रिपल मर्डर की घटना हुई है. चार लोगों को नामजद किया गया है. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. वारदात के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है. मामले की गहराई से जांच की जा रही है. पीड़ित पक्ष के लोगों ने विपक्षी लोगों की झोपड़ियों में आग लगा दी थी जिस पर काबू पा लिया गया है. शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया है. पूरे मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि वारदात सुबह की है जब तीनों घर के बाहर सो रहे थे. जब लोग सुबह सो कर उठे तो उन्हें ट्रिपल मर्डर की जानकारी हुई. इसके बाद इलाके में आगजनी हो गई. आक्रोशित लोगों ने आसपास के 6 घरों में आग लगा दी. घटना संदीपन घाट क्षेत्र की है. वारदात के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है.
कौशांबी जिले में एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आईं जिसमें जमीनी विवाद को लेकर दामाद, पिता और गर्भवती महिला को गोली मारकर हत्या कर दी जिसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश के चलते आरोपियों के घरों में आग लगा दी।@dgpup @Uppolice महोदय मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए… pic.twitter.com/WSQ2UYnqxB
— Jitu Rajoriya (@jitu_rajoriya) September 15, 2023
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार की रात होरी लाल अपने दामाद और बेटी के साथ झोपड़ी के बाहरी हिस्से में सो रहे थे. परिवार वालों का कहना है कि रात को कुछ लोगों ने तीनों की गोली मारकर हत्या कर दी. परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब वह सुबह करीब 6 बजे वहां पहुंचे. घटना के बाद आसपास के लोगों के घर बंद थे. ऐसे में वारदात को लेकर उन पर शक गया.
आक्रोशित रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने बंद घरों को आग के हवाले कर दिया. घटना के बाद जिले भर की फोर्स मौके पर पहुंच गई. एसपी और प्रशासन के अफसर हालात को कंट्रोल करने में लगे है. इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है.
ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी जमीन पर गांव के कुछ लोगों का कब्जा है. उसी जमीन में एक बीघे पर होरीलाल का भी कब्जा था. वहीं होरीलाल के पड़ोसी भी इसी जमीन पर कब्जा बता रहे थे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
