दबंगों ने दलित व्यक्ति को बेहोश होने तक पीटा और फिर मुंह पर किया पेशाब, पुलिस ने दर्ज की FIR

FIR
The Hindi Post

भोपाल | मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां कुछ समूह ने मिलकर कथित तौर पर एक दलित व्यक्ति को पीट दिया और फिर उसके ऊपर पेशाब कर दिया. पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि जब उसे होश आया तो उसने खुद को अस्पताल में पाया.

पीड़ित शख्स की पहचान रामस्वरूप अहिरवार के रूप में हुई है. रामस्वरूप ने सुखी सेवनिया पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज कराई है जिसमें आरोप लगाया है कि चार लोगों – सेरू मीणा, तुषार मीणा, लेखराज मीणा और अभिषेक मीणा ने उसका अपहरण कर लिया और उसे तब तक पीटा जब तक वह बेहोश नहीं हो गया.

रामस्वरूप कोतवाल है. उन्होंने दावा किया कि एक रिपोर्ट थी कि कुछ लोग सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रहे हैं. इस वजह से मुझे क्षेत्र के पटवारी (राजस्व अधिकारी) ने उस जगह का निरीक्षण करने के लिए कहा था.

आईएएनएस के पास एफआईआर की कॉपी है जिसमें अहिरवार ने कहा कि जब वह घटनास्थल (चौपड़ाकला गांव) पर पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग सरकारी जमीन पर बाड़ लगा रहे थे.

पीड़ित ने बताया, “मैंने बाड़ लगाने का विरोध किया. इसी बीच प्रधान पति सेरू मीणा आ गया और मेरे साथ गाली-गलौज करने लगा. तभी तुषार मीणा, लेखराज मीणा और अभिषेक मीणा भी वहां पहुंच गए. उन्होंने मेरे हाथ बांध दिए और मुझे सेरू मीणा की स्कॉर्पियो में डाल दिया और एक नाले के पास ले गए. सेरू स्कॉर्पियो चला रहा था, जबकि लेखराज, अभिषेक और तुषार रास्ते में मुझसे मारपीट कर रहे थे. वह मुझे गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे. वे सभी मुझे पीटते रहे और जब मैं बेहोश होने लगा तो सेरू मीणा ने मुझ पर पेशाब किया था.”

बाद में कुछ लोग रामस्वरूप को भोपाल के हमीदिया अस्पताल ले गए. पुलिस ने कहा कि आरोपियों पर आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!