भारत ने बिल्कुल ठीक किया, किस बात पर ऐसा बोले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह?
फाइल फोटो/आईएएनएस
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत का रुख, जी-20 की मेजबानी, चीन के साथ सीमा विवाद और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के G-20 में न आने समेत कई मुद्दों पर खुलकर बात की है.
महमोहन सिंह ने रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत के रुख को उचित ठहराते हुए कहा है कि भारत ने शांति की अपील करते हुए अपने आर्थिक हितों और संप्रभुता को प्राथमिकता देकर बिल्कुल ठीक काम किया है. वहीं, G-20 की मेजबानी को लेकर मनमोहन सिंह ने कहा कि उनके जीवनकाल में भारत G-20 की मेजबानी कर रहा है, इसे लेकर उन्हें खुशी है.
मनमोहन सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत के रुख को सही ठहराते हुए कहा, “रूस-यूक्रेन युद्ध के मद्देनजर, नई विश्व व्यवस्था को संचालित करने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है. भारत ने शांति की अपील करते हुए अपनी संप्रभुता और आर्थिक हितों को प्राथमिकता देकर सही काम किया है.”
G-20 से पहले भारत के भविष्य पर बात करते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि वो भारत के भविष्य को लेकर चिंतित होने से ज्यादा आशावादी हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य को लेकर यह आशावाद इस बात पर निर्भर करता है कि भारत एक सौहार्दपूर्ण समाज बने.
