एयरहोस्टेस की हत्या करने वाले ने लगाई लॉकअप में फांसी: खुद की पैंट से फंदा बनाकर झूल गया, फैली सनसनी
मुंबई | ट्रेनी एयरहोस्टेस रूपल ओग्रे की हत्या के मुख्य आरोपी विक्रम अठवाल ने कथित तौर पर पुलिस लॉकअप में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. विक्रम मुंबई पुलिस के लॉकअप में मरा हुआ मिला.
40 वर्षीय अठवाल को पवई पुलिस ने सोमवार तड़के गिरफ्तार किया था. उस पर रूपल की हत्या का आरोप था. 24 वर्षीय रूपल ओग्रे की लाश उसके फ्लैट पर मिली थी. रूपल की बीते रविवार देर रात को अंधेरी के मरोल इलाके में स्थित एक किराए के फ्लैट में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी.
वह छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी. वह एक प्रमुख प्राइवेट एयरलाइन में ट्रेनिंग के लिए इस साल अप्रैल में मुंबई आई थी.
जिस बिल्डिंग में रूपल रहती थी उसमें विक्रम पिछले एक साल से हाउसकीपिंग का काम करता था. अब विक्रम की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है.
विक्रम अठवाल को आज यानि 08 सितम्बर को अदालत में पेश किया जाना था पर उससे पहले ही उसकी मौत हो गई. इससे पहले स्थानीय अदालत ने विक्रम को 08 सितम्बर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था.
शुक्रवार सुबह हत्या आरोपी विक्रम हवालात के शौचालय में गया और फिर काफी देर तक बाहर नहीं आया. इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और उसे वहां अपने ही कपड़ों के साथ पाइप से लटका हुआ पाया.
आरोपी के परिवार, जिसमें उनकी पत्नी और दो बेटियां शामिल हैं, को उनकी मौत की सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की जांच चल रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
