सोनिया गांधी ने PM मोदी को लिखा पत्र, उठाए ये 9 मुद्दे

Sonia Gandhi (1)
The Hindi Post

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर विशेष संसद सत्र के एजेंडे के बारे में जानकारी मांगी है. मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है. यह सत्र 18 से 22 सितंबर तक चलेगा. पर सरकार ने यह नहीं बताया है कि इस सत्र को क्यों बुलाया गया है.

विपक्ष की यह मांग है कि सरकार बताए कि सत्र बुलाने के पीछे क्या कारण है. इसी को लेकर सोनिया गांधी ने पत्र लिखा है. आम तौर पर विशेष सत्र से पहले बातचीत होती है और आम सहमति बनाई जाती है. ऐसे सत्र का एजेंडा भी तय होता है. पर इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ है.

सोनिया गांधी ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी में नौ मुद्दे भी उठाए है. यह मुद्दे है –

1- आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों, बढ़ती बेरोजगारी, असमानताओं में वृद्धि और एमएसएमई के संकट पर ध्यान केंद्रित करने वाली वर्तमान आर्थिक स्थिति
2- MSP को लेकर सरकार द्वारा किसान और किसान संगठनों को किए गए वादे
3- अडानी समूह पर खुलासे की जांच को लिए जेपीसी जांच
4- मणिपुर के लोगों की पीड़ा और राज्य में संवैधानिक तंत्र और सामाजिक सद्भाव का टूटना
5- हरियाणा जैसे राज्यों में सांप्रदायिक तनाव
6- चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र पर कब्जा जारी रखा गया और लद्दाख-अरुणाचल प्रदेश में हमारी सीमाओं पर हमारी संप्रभुता को चुनौती दी गई
7- जातीय जनगणना की अर्जेंट जरूरत
8- केंद्र राज्य संबंधों को पहुंचाया जा रहा नुकसान
9- कुछ राज्यों में अत्यधिक बाढ़ और कुछ में सूखे के कारण होने वाली प्राकृतिक आपदाओं का प्रभाव

सोनिया गांधी ने अपने पत्र में आगे कहा, ”मुझे पूरी उम्मीद है कि रचनात्मक सहयोग की भावना से इन मुद्दों को आगामी विशेष सत्र में उठाया जाएगा.”

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि हम संसद के विशेष सत्र का बहिष्कार नहीं करेंगे क्योंकि यह हमारे लिए कई मुद्दों को उठाने का एक अवसर है. उन्होंने कहा कि हम कोशिश करेंगे कि विभिन्न दल अलग-अलग मुद्दे उठाएं.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!