मोबाइल पर बात करते हुए अस्पताल के अंदर आया बदमाश और कमर से पिस्टल निकालकर चला दी गोली

Gun Firing Depositphotos_8166046_S (1) (1)

सांकेतिक फोटो (फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)

The Hindi Post

बिहार के भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में एक अपराधी ने निजी अस्पताल परिसर में घुसकर एक शख्स को गोली मार दी. गोली लगने से शख्स बुरी तरह घायल हो गया. इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया है जो अब वायरल हो रहा है.

पुलिस ने बताया कि पटना के गौरीचक निवासी रंगनाथ चौहान उर्फ छोटू चौहान यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी अंजनी कुमारी को देखने आए थे. अंजनी डिलीवरी के लिए आरा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती है.

बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर शाम छोटू अपनी पत्नी को देखने अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधी ने अस्पताल में धावा बोल दिया और छोटू को गोली मार दी. इस घटना में छोटू गंभीर रूप से घायल हो गए है. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भागने में सफल रहा.

फिलहाल छोटू चौहान का इलाज चल रहा है. उनको भी अस्पताल में भर्ती किया गया है.

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. सीटीवी फुटेज की मदद से अपराधी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

उन्होंने दावा किया कि अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post
error: Content is protected !!