भारतीय युवती से शादी करके पाकिस्तानी नागरिक अवैध रूप से रह रहा था भारत में, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Pakistani national nabbed in Hybd (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

हैदराबाद | पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि हैदराबाद में गिरफ्तार किया गया पाकिस्तानी नागरिक पिछले साल नवंबर से अपनी पत्नी के साथ यहां रह रहा था. वह नेपाल के रास्ते भारत में घुस आया था.

पाकिस्तानी नागरिक फैज मोहम्मद अपनी भारतीय पत्नी के साथ रहने के लिए यहां आया था. वह एनएम गुड़ा, किशन बाग स्थित अपने ससुराल में अवैध रूप से रह रहा था.

जानकारी मिलने पर बहादुरपुरा पुलिस ने फैज को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से पाकिस्तानी पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए. 24 वर्षीय युवक पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के शांगल जिले के स्वात गांव का रहने वाला है.

फैज के ससुर और सास, जिन्होंने उसे अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने और स्थानीय पहचान प्राप्त करने में मदद की, वह फरार हैं.

दक्षिण जोन के पुलिस उपायुक्त पीसाई चैतन्य ने मीडियाकर्मियों को बताया कि दिसंबर 2018 में आरोपी शारजाह (यूएई) गया था. वहां उसने डेजर्ट स्टूडियो गारमेंट्स कंपनी के सिलाई और फिनिशिंग विभाग में काम किया था.

वर्ष 2019 में फैज की मुलाकात हैदराबाद की रहने वाली भारतीय नागरिक नेहा फातिमा से हुई थी. उसने नेहा को मिलेनियम फैशन इंडस्ट्री (कंपनी का नाम) में दर्जी की नौकरी दिलाने में मदद की थी.

इस दौरान, दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया और उन्होंने शारजाह में शादी कर ली. उनका एक तीन साल का बेटा भी है. नेहा फातिमा बाद में भारत वापस आ गई जबकि फैज पाकिस्तान लौट गया.

पुलिस ने कहा कि फैज के ससुर जुबैर शेख और सास अफजल बेगम ने उसे यह आश्वासन देकर पाकिस्तान से भारत बुलाया कि वे उसे भारत में रहने के लिए स्थानीय पहचान पत्र आदि दिलाने में मदद करेंगे. इसके बाद फैज ने संबंधित प्राधिकारी से वैध वीजा प्राप्त किए बिना नेपाल (काठमांडू) से होते हुए भारत में प्रवेश किया. उसका भारत में प्रवेश अवैध था.

फैज के भारत में प्रवेश करने में जुबैर शेख और अफजल बेगम ने उसकी मदद की थी. दोनों उसको लेकर हैदराबाद लेकर आ गए थे. इसके बाद उन्होंने उसका (फैज) का आधार कार्ड बनवा दिया था. इसके लिए उन्होंने फैज को अपना बेटा बताया था.

पुलिस ने पाकिस्तानी पासपोर्ट, एक मोबाइल फोन, पाकिस्तान राष्ट्रीय पहचान पत्र, फ्लाइट टिकट, बोर्डिंग पास, कटमांडू में होटल कोणार्क इन में बुकिंग टिकट, काठमांडू में बुक की गई बस की टिकट और 14-भारतीय रेलवे टिकट फैज के पास से जब्त किए है.

पुलिस ने मोहम्मद गौस के नाम पर हैदराबाद में अवैध रूप से बना जन्म प्रमाण पत्र और आधार नामांकन फॉर्म भी जब्त कर लिया है.

हैदराबाद पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिक फैज के बारे में जरुरी जानकारी केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को दे दी है. पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post
error: Content is protected !!