गिरफ्तार होने से पहले महिला एवं बाल विकास विभाग में तैनात अधिकारी प्रेमोदय खाखा ने पत्नी के साथ भागने की कोशिश की थी, VIDEO आया सामने

Pramodey Khaka tried to flee (1)

इसी गाड़ी से प्रेमोदय खाखा और उसकी पत्नी ने भागने की कोशिश की थी हालांकि उसको गिरफ्तार कर लिया गया था

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस को मिले एक सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अधिकारी ने गिरफ्तार होने से कुछ घंटे पहले पत्नी के साथ घर से भागने की कोशिश की थी.

दरअसल, सोमवार सुबह 9.35 बजे दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग में काम करने वाले 51 वर्षीय आरोपी उप निदेशक प्रेमोदय खाखा और उसकी पत्नी सीमा रानी, बुराड़ी स्थित शक्ति एन्क्लेव के अपने घर से निकलते हुए दिखाई दिए.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दंपत्ति अपने वकील के संपर्क में थे और अदालत से अग्रिम जमानत लेने जा रहे थे. इससे पहले कि दोनों ऐसा कर पाते, प्रेमोदय खाखा और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया.

प्रेमोदय खाखा पर 2020 से 2021 के बीच 12वीं क्लास की छात्रा से कई बार रेप करने का आरोप है. पीड़िता की आरोपी से मुलाकात एक चर्च में हुई थी.

पुलिस के मुताबिक 2020 में अपने पिता के निधन के बाद पीड़िता डिप्रेशन में आ गई थी. आरोपी पीड़िता को मदद करने के बहाने अपने घर ले गया था.

लड़की ने पुलिस को बताया कि अक्टूबर 2020 से फरवरी 2021 के बीच जब वह बुराड़ी में रहने वाले अपने “अभिभावक” यानि प्रेमोदय खाखा के साथ थी, तब उसका कई बार रेप किया गया.

आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के साथ ही दुष्कर्म करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पुलिस के मुताबिक जब पीड़िता गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी.

जब लड़की ने प्रेमोदय खाखा की पत्नी को आपबीती सुनाई तो उसने अपने बेटे को गर्भपात की गोलियां खरीदने के लिए भेजा. यही गोलियां लड़की को दी गई थी.

लड़की का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है.

वही प्रेमोदय खाखा को निलंबित किया जा चुका है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!