हिंदू का मकान हिंदू और मुस्लिम का मकान मुस्लिम ही खरीदे, ऐसा कानून बने : कानपुर मेयर
कानपुर । कानपुर (उतर प्रदेश) की मेयर प्रमिला पांडेय ने ऐसा बयान दिया है जो चर्चा में है. उन्होंने कहा कि वह सरकार से मांग करेंगी कि ऐसा कानून बनाया जाए कि हिंदू का मकान हिंदू और मुस्लिम का मकान मुस्लिम ही खरीद सके.
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि मंदिरों में कब्जों को लेकर मुस्लिमों की मानसिकता बेहद खराब है. इस पर कड़ाई से रोक लगाई जानी चाहिए. सरकार से मांग करूंगी कि हिंदू का मकान हिंदू और मुस्लिम का मकान मुस्लिम ही खरीदे.
मेयर ने कहा कि वह क्षेत्रीय पार्षद की शिकायत पर वो कानपुर के मुंशीपुरवा पहुंची थी. यहां पर हनुमान मंदिर के चारों ओर अवैध कब्जों को देखकर उनका पारा चढ़ गया. यहां 5 मकान मंदिर की तरफ बड़ा छज्जा और खिड़कियां खोले हुए थे।.
उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की मूर्ति के पास रोजाना कूड़ा फेंका जा रहा था. महापौर ने सभी कब्जा धारकों को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई.
वहीं, पास में ही स्थित नगर निगम पार्क में अवैध तरीके से मुंशीपुरवा धर्मशाला कैंपस में 2 मंजिला मकान बना लिया गया था. महापौर ने कहा, ”कानपुर में 125 मंदिर चिह्नित किए गए थे जिस पर मुस्लिमों के अवैध कब्जे मिले थे. मंदिरों को कब्जामुक्त कराकर रहूंगी. जमीनों पर अवैध कब्जे पूरी तरह से खाली होने चाहिए.”
आईएएनएस
