सीमा हैदर से दूसरे दिन की पूछताछ खत्म, 9 घंटे चली पूछताछ में UP एटीएस ने पूछे कई महत्वपूर्ण सवाल

Seema Haidar and Sachin (3)

फाइल फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

नोएडा । सीमा हैदर से लगातार दूसरे दिन भी एटीएस ने पूछताछ की. मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सीमा को सचिन के रबूपुरा स्थित घर से एटीएस अपने साथ लेकर निकली. करीब 12:30 बजे के आसपास पुलिस टीम सेक्टर-58 में बने एटीएस के ऑफिस पहुंची. यहां पर सीमा हैदर और सचिन से करीब 9 घंटे लगातार पूछताछ की गई. सोमवार को हुई पूछताछ से भी कई बातें निकलकर सामने आई है.

सूत्रों के मुताबिक, सीमा से उसके बारे में पूछताछ की गई. यह भी पूछा गया कि वो नेपाल के रास्ते भारत कैसे पहुंची.

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, सीमा सचिन से पहले भी कई भारतीयों से संपर्क में थी. यूपी एटीएस की पूछताछ में जानकारी मिली है कि सीमा हैदर ने सचिन मीणा से पहले भी कई भारतीयों से संपर्क साधा था. इसके लिए उसने पब-जी गेम का इस्तेमाल किया था.

पूछताछ में सीमा ने बताया कि सचिन से पहले भी उसने भारत में कुछ लोगों से संपर्क किया था. जिन लोगों से सीमा हैदर ने संपर्क साधने की कोशिश की थी, उनमें से ज्यादातर लोग दिल्ली-एनसीआर के रहने वाले थे.

सूत्रों के मुताबिक, यूपी एटीएस की एक दिन पहले की पूछताछ के दौरान सीमा हैदर ने हर सवाल का बेहद नपा-तुला जबाब दिया. यूपी एटीएस के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर बेहद तेज दिमाग की है. सूत्रों की मानें तो सीमा से कोई भी बात आसानी से निकलवाना मुश्किल है.

पूछताछ के दौरान सीमा हैदर से इंग्लिश की कुछ लाइनें पढ़वाई गईं, जिसे सीमा हैदर ने “न सिर्फ अच्छे से पढ़ा, बल्कि इंग्लिश का उच्चारण भी काफी अच्छा किया”.

सीमा द्वारा भारत आने पर इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है. सूत्रों का यह भी दावा है कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियां पाकिस्तान में अपने संपर्कों के जरिए सीमा की पहचान का पता लगा रही हैं.

वहां उसके घर और परिवार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. बताया जा रहा है कि सीमा के चाचा पाकिस्तान की सेना में सूबेदार हैं. सीमा का भाई भी सेना में है.

इसलिए केंद्रीय जांच एजेंसियों को शक है कि सीमा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ी हुई है.

बीते सोमवार को एटीएस ने नोएडा के सेक्टर-94 के ऑफिस में करीब 6 घंटे पूछताछ की थी. मंगलवार को एटीएस ने सीमा को सेक्टर-58 स्थित अपने कार्यालय ले जाकर करीब 9 घंटे पूछताछ की.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!