शख्स ने राष्ट्रपति भवन की दीवार से टकरा दी कार
File Photo: IANS
नई दिल्ली । शराब के नशे में लापरवाही से कार चला रहे 59 वर्षीय एक व्यक्ति की कार सड़क पर लगे लोहे के गार्डर से टकराने के बाद राष्ट्रपति भवन की दीवार से जा टकराई.
आईएएनएस के पास मौजूद एफआईआर के अनुसार, यह घटना 1 जुलाई की है. इस दिन कार चला रहा एक व्यक्ति लोहे के गार्डर से टकरा गया और फिर राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 5 से सटी दीवार से जा टकराया.
एफआईआर में कहा गया है, “तेज आवाज सुनकर, दारा शिकोह रोड पर राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 5 के पास तैनात एक पीसीआर वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंची.”
एक अधिकारी ने कहा कि हालांकि ड्राइवर को कोई चोट नहीं आई थी, लेकिन वह नशे की हालत में था. टक्कर लगने के परिणामस्वरूप कार के दोनों एयरबैग खुल गए थे.
इसके बाद पुलिस उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि कर दी. चालक की पहचान ओंकार नगर निवासी महाबीर प्रसाद के रूप में हुई है. महाबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ”सार्वजनिक संपत्ति अधिनियम के तहत साउथ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.”
आईएएनएस
