गतिमान एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसा गया नॉनवेज खाना, आईआरसीटीसी ने कर्मचारी को किया सस्पेंड
Photo: IANS
नई दिल्ली | इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन यानि भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने रविवार को कहा कि उसने उस कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया है जिसने यात्री को शाकाहारी भोजन की जगह मांसाहारी भोजन परोस दिया.
आईआरसीटीसी ने कहा कि उसने मामले को गंभीरता से लिया है और भोजन वितरण सेवा के लिए जिम्मेदार ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाया है. साथ ही अनुबंधित एजेंसी के कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया गया है.
आईआरसीटीसी ने ट्वीट किया, “हमने आईआरसीटीसी के एक कर्मचारी को भी निलंबित कर दिया है. हम यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहे हैं कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. हमारा ध्यान सोर्स किचन पर है.”
यह घटना शनिवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन (झांसी) से हजरत निजामुद्दीन जा रही गतिमान एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12049) में हुई.
यात्री राजेश कुमार तिवारी और उनकी पत्नी प्रीति तिवारी ने शाकाहारी भोजन का ऑर्डर दिया था. तिवारी और उनकी पत्नी कोच सी7 में थे. ट्रेन के झांसी से रवाना होने के बाद कैटरिंग स्टाफ ने उन्हें नाश्ता दिया. तिवारी ने छोले का ऑर्डर दिया था, लेकिन जब उन्हें खाते वक्त ‘छोले’ में मांस के टुकड़े दिखे, तो उन्होंने स्टाफ सुपरवाइजर से इसकी शिकायत की.
तिवारी ने कहा, “हमने उन्हें बताया कि भोजन में मांस के टुकड़े है. सुपरवाइजर ने भोजन की जांच की और इसे सही पाया, लेकिन कहा कि उन्होंने भोजन पैक नहीं किया था. यह रसोई से पैक होकर आता है और वह लोग तो इस भोजन को केवल परोसते हैं.”
इसके अलावा, ग्वालियर से दिल्ली तक उसी ट्रेन में यात्रा कर रही कृतिका मोदी नाम की एक अन्य यात्री ने शिकायत की, कि उन्होंने पास्ता और ‘छोले-कुलचे’ का ऑर्डर दिया था. पास्ता, रोल जैसा लग रहा था, लेकिन काटने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि इसमें चिकन है. उन्होंने शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा, इस घटना ने हमारी पूरी यात्रा खराब कर दी.
आईएएनएस
