बेटी ने की मुस्लिम युवक से की शादी तो परिजनों ने पिंडदान कर किया मृत्युभोज का आयोजन

Parents perform last rites of daughter after interfaith marriage in MP (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

जबलपुर | बेटी का मुस्लिम युवक से निकाह करने का फैसला परिवार वालों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने उसे त्याग दिया और उसका पिंड दान कर दिया. यही नहीं परिवार वालों ने मृत्यु भोज का भी आयोजन किया. ये वाकया है मध्य प्रदेश के जबलपुर का जहां अनामिका दुबे नाम की युवती ने मोहम्मद अयाज नाम के युवक के साथ निकाह कर लिया है और अपना नाम बदल कर उजमा फातिमा कर लिया है.

बेटी के फैसले से पूरा परिवार बेहद नाराज है और उन्होंने बेटी को पूरी जिंदगी के लिए भुलाने के मकसद से उसका पिंडदान कर दिया. इसके लिए परिजनों ने शोक संदेश वितरित किए और पिंडदान संस्कार का आयोजन कर लोगों को आमंत्रित किया.

परिवार की ओर से नाते-रिश्तेदारों को बांटे गए शोक संदेश में बेटी को कुपुत्री बताया गया है और उसमें लिखा “बड़े दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि अनामिका दुबे का दो अप्रैल को स्वर्गवास हो गया है और 11 जून को मृत्युभोज और पिंडदान है”. परिवार ने शोकपत्र में अपनी बेटी को “नरक गामिनी” लिखवाया है.

Anamika Dubey

अनामिका के परिजनों ने बताया है कि नर्मदा नदी के तट पर स्थित ग्वारी घाट में विधि-विधान से पिंडदान संस्कार का आयोजन किया गया. परिजनों ने कहा कि अनामिका उनके घर में सबसे लाडली थी और उसकी बेहतर तरीके से परवरिश की गई मगर उसने गैर धर्म के युवक के साथ निकाह कर पूरे परिवार को समाज के सामने नीचा दिखाया है. अब उसका परिवार के लिए जीवित होने का कोई अर्थ नहीं है. उन्होंने कहा कि अनामिका के इस कृत्य ने पूरे परिवार के सपने तोड़ दिए है.

इस मामले पर हिंदू संगठनों ने अनामिका की शादी से पहले प्रदर्शन भी किया था और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, साथ ही मामले को लव जेहाद से भी जोड़ा था, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद इस पूरे मामले में मुस्लिम युवक को क्लीन चिट दे दी है.

जिला प्रशासन के मुताबिक, दोनों की शादी 4 जनवरी को हुई थी. प्रशासन ने यह भी दावा किया कि दोनों परिवारों को शादी के रजिस्ट्रेशन से पहले इसकी जानकारी दी गई थी. हालांकि, महिला की मां ने मीडियावालों को बताया कि उनकी बेटी ने बिना उनकी जानकारी के शादी करके परिवार को ‘धोखा’ दिया है.

स्थानीय पुलिस ने भी एक बयान जारी कर पुष्टि की कि “शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी. यह भी कहा गया है कि महिला के परिवार ने शादी के लिए कई उपहार भी दिए थे.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!