UP: व्यापारी के साथ 1.40 करोड़ की लूट में शामिल 7 पुलिसकर्मियों को सेवा से किया गया बर्खास्त
Photo: Social Media
वाराणसी | वाराणसी जिले के भेलूपुर इलाके में गुजरात के एक व्यवसायी के कर्मचारी से 1.4 करोड़ रुपये लूटने के आरोप में उत्तर प्रदेश पुलिस ने सात पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है. इससे दो दिन पहले औरैया जिले में बांदा के एक व्यवसायी के अपहरण और लूट में कथित संलिप्तता के आरोप में दो पुलिसकर्मियों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
बर्खास्त किए गए सात पुलिसकर्मियों में एक स्टेशन हाउस ऑफिसर और तीन सब-इंस्पेक्टर – एसएचओ रमाकांत दुबे, सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार, महेश कुमार और उत्कर्ष चतुर्वेदी और कांस्टेबल महेंद्र कुमार पटेल, कपिल देव पांडे और शिवचंद शामिल हैं. सभी वाराणसी जिले के भेलूपुर थाने में तैनात थे.
पुलिस ने कहा कि 1.4 करोड़ रुपये की डकैती के मामले में उनकी जांच अभी भी जारी है और उन्होंने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. अभी तक सात बर्खास्त पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज नहीं हुआ है.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (वाराणसी), संतोष कुमार सिंह ने कहा, “सात पुलिसकर्मियों को शुरू में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया था और बाद में जांच के दौरान वे आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए. उन्हें पुलिस सर्विस से बर्खास्त कर दिया गया है. लूटपाट के मामले में जांच जारी है. जो सबूत इक्कठा किए गए है उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.”
वाराणसी पुलिस ने 31 मई को भेलूपुर इलाके में खड़ी एक लावारिस कार से 92.94 लाख रुपये नकद बरामद करने का दावा किया था.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने गड़बड़ी की आशंका जताते हुए घटना की प्रारंभिक जांच के आदेश दिए थे.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 27 मई को गुजरात के एक व्यवसायी के कर्मचारी को लूट लिया गया था. वह भेलूपुर में किराए के फ्लैट में रह रहा था.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने गुजरात के व्यवसायी और उनके कर्मचारियों से संपर्क किया था जिन्होंने इस बात की पुष्टि की कि बरामद नकदी 27 मई को लूटी गई थी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
