NIRF रैंकिंग 2023: IIT मद्रास शीर्ष शैक्षणिक संस्थान, मिरांडा हाउस सर्वश्रेष्ठ कॉलेज

IIT Madras

Photo: IANS

The Hindi Post

नई दिल्ली | केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने देश भर के कॉलेजों व अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों की ‘एनआईआरएफ’ रैंकिंग जारी की है. जहां ओवरऑल रैंकिंग में आईआईटी मद्रास देश का सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान बनने में सफल हुआ है, वहीं कॉलेजों की रैंकिंग में दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज को पूरे देश का सर्वश्रेष्ठ कॉलेज घोषित किया गया है.

इस रैंकिंग में दिल्ली विश्वविद्यालय का ही हिंदू कॉलेज दूसरे स्थान पर है. रैंकिंग के मुताबिक, देशभर के टॉप 10 कॉलेजों में से पांच कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय से हैं.

NIRF रैंकिंग 2023 : टॉप कॉलेज

हिंदू कॉलेज इस रैंकिंग में दूसरे स्थान पर, प्रेसीडेंसी कॉलेज, चेन्नई तीसरे स्थान पर, पीएसजीआर कृष्णमल महिला कॉलेज, कोयम्बटूर चौथे स्थान पर, सेंट जेवियर्स कॉलेज कोलकाता 5 आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय छठे स्थान पर, लोयोला कॉलेज, चेन्नई सातवें स्थान पर, रामकृष्ण मिशन विद्यामंदिर हावड़ा आठवें स्थान पर है. नौवें स्थान पर दिल्ली विश्वविद्यालय का लेडी श्रीराम महिला कॉलेज है. इस टॉप 10 सूची में 10वें स्थान पर दिल्ली विश्वविद्यालय का किरोड़ीमल कॉलेज है.

देश की टॉप 10 इंस्टीटूट्स की बात करे तो IIT मद्रास के बाद, आईआईएससी बैंगलोर दूसरे नंबर पर है. तीसरे नंबर पर IIT दिल्ली, चौथे पर IIT बॉम्बे, पांचवे नंबर पर IIT कानपुर, छठे पर AIIMS नई दिल्ली, सातवें नंबर पर IIT खड़गपुर, आठवें नंबर पर IIT रूड़की, नवें पर IIT गुवाहाटी और दसवें नंबर पर JNU नई दिल्ली है.

गौरतलब है कि राष्ट्रीय रैंकिंग में दिल्ली विश्वविद्यालय के बेहतरीन प्रदर्शन के साथ ही अब दिल्ली विश्वविद्यालय आगामी शैक्षणिक सत्र से छात्रों के लिए बीटेक कार्यक्रम भी शुरू करेगा. यहां जेईई मेन्स के माध्यम से तीन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा. विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रौद्योगिकी संकाय द्वारा संचालित तीन पाठ्यक्रमों में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शामिल हैं.

वहीं देश के बेहतरीन प्रबंधन संस्थानों की बात की जाए तो प्रबंधन रैंकिंग में आईआईएम-अहमदाबाद देशभर में पहले स्थान पर है. आईआईएम-बंगलौर दूसरे, आईआईएम-कोझिकोड तीसरे, आईआईएम-कलकत्ता चौथे, आईआईटी-दिल्ली पांचवें, आईआईएम-लखनऊ छठे, राष्ट्रीय औद्योगिक इंजीनियरिंग संस्थान-मुंबई सातवें, आईआईएम-इंदौर 8, जेवियर श्रम संबंध संस्थान (एक्सएलआरआई) 9वें और आईआईटी-मुंबई 10वें स्थान पर है.

NIRF रैंकिंग 2023 : टॉप यूनिवर्सिटीज –

‘एनआईआरएफ’ यूनिवर्सिटी रैंकिंग के अनुसार, भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु (इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस) देश के सभी विश्वविद्यालयों में नंबर एक है. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली दूसरे स्थान पर है. जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने तीसरा स्थान हासिल किया है. जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता चौथे, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी पांचवे, मणिपाल उच्च शिक्षा अकादमी-मणिपाल, मणिपाल 6वें, अमृता विश्व विद्यापीठम, कोयम्बटूर 7वें, वेल्लोर प्रौद्योगिकी संस्थान, वेल्लोर 8वें, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ 9वें व हैदराबाद विश्वविद्यालय, हैदराबाद 10वें स्थान पर है.

एनआईआरएफ रैंकिंग 2023 के परिणामों की घोषणा भारत सरकार के शिक्षा और विदेश राज्यमंत्री, डॉ. राजकुमार रंजन सिंह ने की.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!