एकतरफा प्यार में लड़के ने लड़की को मारा चाकू, फिर कर लिया सुसाइड, जानें पूरा मामला

Murder IANS (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली से एक बार फिर चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली के रोहिणी में एक 24 वर्षीय सिरफिरे आशिक ने 19 वर्षीय युवती का गला रेतने की कोशिश की और बाद में आत्महत्या कर ली. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की का इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस के अनुसार, “रोहिणी के सेक्टर-24 में 19 वर्षीय एक लड़की का गला काटे जाने के संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली. इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची.”

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रिठाला निवासी युवती को बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि रोहिणी के सेक्टर 25 की जेजे कॉलोनी निवासी आरोपी अमित (युवती का गला रेतने वाला) ने अपने बहन और बहनोई (अनिल) द्वारा चलाई जा रही कंपनी ‘क्रिएटिव कॉन्सेप्ट डिजाइन’ के ऑफिस में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.

पुलिस अधिकारी ने कहा, “पीड़ित लड़की उस कंपनी में काम करती है. आगे की पूछताछ के दौरान, यह पता चला कि अमित (अब मृतक) भी उसी कार्यालय में एग्जिबिशन स्टॉल डिजाइनर के रूप में काम कर रहा था और लड़की से एकतरफा प्यार करता था. पर लड़की उससे बात नहीं करती थी.”

शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे अमित ने लड़की पर हमला कर दिया. अमित ने चाकू से लड़की का गला रेतने की कोशिश की. ऑफिस में मौजूद लोगों ने युवती को बचा लिया.

पुलिस अधिकारी ने कहा, “जब कार्यालय के कर्मचारी घायल लड़की को अस्पताल ले जा रहे थे, तो अमित ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.”

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “क्राइम और फोरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाया गया और अलग-अलग एंगल से फोटो ली गई. अमित के शव को बीएसए मोर्चरी में स्थानांतरित कर दिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!