लड़की की चाकू से गोदकर हत्या: पिता बोले, आरोपी साहिल को हो फांसी की सजा

Delhi Girl Murder (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की जिसे उसके बॉयफ्रेंड ने बेरहमी से मार डाला, के पिता ने आरोपी को फांसी पर लटकाने की मांग की. यहां अंबेडकर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद अपनी बेटी का शव लेने के लिए इंतजार कर रहे पिता ने यह बात कही.

मृतक लड़की साक्षी के पिता शाहबाद डेयरी की जेजे कॉलोनी में रहते हैं और मजदूरी करते हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें आरोपी के साथ बेटी के रिलेशनशिप के बारे में पता नहीं था. वह पिछले 15 दिन से शाहबाद डेयरी क्षेत्र में अपनी दोस्त (नीतू) के घर पर रह रही थी.

Sahil (1)

साक्षी की माँ ने कहा, “नीतू का पति किसी काम से शहर से बाहर गया हुआ है और मेरी बेटी पिछले 15 दिन से नीतू के घर पर रह रही थी. रविवार को दोपहर में मेरी उससे बात हुई थी तो उसने बताया था कि नीतू का पति जल्द ही लौट आएगा और वह घर वापस आ जाएगी.”

उन्होंने कहा कि नीतू की बेटी का रविवार को जन्मदिन था और वे दोनों शॉपिंग करने गई थी. उन्होंने अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग की.

बता दें कि पुलिस ने रविवार शाम को हुई हत्या के आरोपी 20 वर्षीय साहिल को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शाहबाद डेयरी इलाके में जेजे कॉलोनी निवासी आरोपी साहिल ने लड़की को कई बार चाकू मारा और एक बोल्डर से भी उस पर कई वार किए. पुलिस अधिकारी ने बताया कि साहिल एक मैकेनिक है और वह फ्रिज-एसी की मरम्मत करता है.

मर्डर की पूरी घटना इलाके में लगे CCTV में कैद हो गई. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में नीले रंग की टी-शर्ट पहने साहिल लड़की को चाकू मारते हुए देखा जा सकता है. लगभग सात से आठ लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन सभी तमाशबीन बने रहे और साहिल लड़की को चाकू से गोदता रहा.

पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की साहिल के साथ रिलेशनशिप में थी लेकिन रविवार को दोनों के बीच बहस हुई थी.

पुलिस अधिकारी ने कहा, “मृतका अपनी दोस्त के बेटे के जन्मदिन में शामिल होने जा रही थी. तभी साहिल ने उसे रोका और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. उसके पिता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है.”

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, लड़की पर 16 बार चाकू से वार किया गया था. उस पर एक कुंद वस्तु से हमला किया गया था. इससे उसकी खोपड़ी में चोट आई थी. हालांकि, विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!