सड़क हादसे में एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत, राष्ट्रपति ने जताया दुख

Mysuru Accident (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

मैसूरु | कर्नाटक के मैसूरु में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई.

यह दुर्घटना टी. नरसीपुरा शहर के पास कोल्लेगल मेन रोड पर कुरुबुर के पास हुई. एक इनोवा गाड़ी जिसमें एक पूरा परिवार यात्रा कर रहा था, निजी बस से टकरा गई.

पुलिस के मुताबिक, यह परिवार माले महादेश्वरा हिल से दर्शन कर मैसूरु लौट रहे थे.

प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि कार और निजी बस चालक दोनों तेज गति से गाड़ी चला रहे थे, जिसके परिणामस्वरूप यह हादसा हुआ.

मृतकों की पहचान सुजाता (40), संदीप (23), मंजूनाथ (35), पूर्णिमा (30), गायत्री (28), आदित्य, बसवा, कोटरेश (सभी 45), पवन (10) और कार्तिक (8) के रूप में हुई है.

मृतक एक ही परिवार के थे और बल्लारी जिले के संगनाकल्लू गांव के रहने वाले थे.

पुलिस अधीक्षक सीमा लटकर ने बताया कि इनोवा के चालक ने संतुलन खो दिया और कार बस से टकरा गई. दो अन्य लोग घायल हैं जिनकी अभी पहचान नहीं हो पाई है. उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है.

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि प्रत्येक मृत व्यक्ति के परिवार को दो-दो लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा. घायलों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है.

राज्य गन्ना उत्पादक संघ के अध्यक्ष कुरुबुरु शांताकुमार ने कहा कि यह दुर्घटना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की लापरवाही के कारण घटी है. अधिकारियों ने सड़क के किनारे जंगल काटने का काम नहीं किया है. इसका नतीजा यह होता है कि चालकों को सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते है. इसी कारण से आज का यह दर्दनाक हादसा हुआ है.

उन्होंने आरोप लगाया कि एनएचएआई को इस घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिए.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!