कुत्ते ने दौड़ाया तो तीसरी मंजिल से कूद पड़ा डिलीवरी ब्वाय, जानिए फिर क्या हुआ

Delivery agent jumps off 3rd floor of building to escape dog attack (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

हैदराबाद | कुत्ते के हमले से खुद को बचाने के लिए हैदराबाद में डिलीवरी एजेंट ने बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. यह घटना मानिकोंडा की पंचवटी कॉलोनी में रविवार को हुई.

पुलिस ने बताया कि एक लैब्राडोर कुत्ता भौंक रहा था और वो डिलीवरी एजेंट मोहम्मद इलियास (27) की ओर लपका. इलियास इतना डर गया था कि उसने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. रायदुर्गम पुलिस ने इलियास का बयान दर्ज किया है. इलियास अमेजन के लिए काम करता है.

पुलिस ने सोमवार को फ्लैट मालिक के खिलाफ भी आईपीसी की धारा 289 (जानवरों के संबंध में लापरवाही बरतने) के तहत मामला दर्ज कर लिया.

इस बीच, तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (टीजीपीडब्ल्यूयू) के अध्यक्ष शैक सलाहुद्दीन ने मांग की कि कुत्ते का मालिक डिलीवरी एजेंट के इलाज का खर्च उठाएं.

बता दें कि हैदराबाद में चार महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना है.

जनवरी में भी इसी तरह की घटना में एक 23 वर्षीय फूड डिलीवरी बॉय की मौत हो गई थी. स्विगी के लिए काम करने वाला मोहम्मद रिजवान (23) बंजारा हिल्स में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में गया था. पालतू कुत्ते के हमले से बचने के लिए उसने एक इमारत की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी. उसे गंभीर चोटें आई थींऔर चार दिन बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई थी.

इस बीच, टीजीपीडब्ल्यूयू ने कुत्ते के मालिकों से अपील की है कि जब डिलीवरी एजेंट ऑर्डर देने आए तो वे अपने पालतू कुत्ते को बांध कर रखें.

यूनियन ने यह भी मांग की कि अमेजन, इलियास को उसके इलाज के दौरान 1,000 रुपये प्रति दिन के हिसाब से मजदूरी का भुगतान करे क्योंकि वह अपनी ड्यूटी करते हुए घायल हुआ है.

सलाउद्दीन ने नगरपालिका प्रशासन मंत्री केटी रामाराव और ग्रेटर हैदराबाद की मेयर विजयलक्ष्मी गडवाल से आग्रह किया कि वे ऐसे मामलों में कुत्ते के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करें.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!